खेल

CWG 2022: 55 किग्रा में बिंद्यारानी देवी ने जीता सिल्वर मेडल, भारत को मिला चौथा पदक

बर्मिंघमः भारतीय भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी ने रविवार तड़के (भारतीय समयानुसार) बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों 2022 (CWG 2022) में महिलाओं के 55 किग्रा फाइनल में 202 किग्रा की संयुक्त लिफ्ट के साथ रजत पदक जीता। महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में बिंद्यारानी देवी ने स्नैच के अपने पहले प्रयास में सफलतापूर्वक 81 किग्रा भार उठाया। अपने दूसरे प्रयास में बिंद्यारानी ने बिना पसीना बहाए 84 किग्रा भार उठाया। स्नैच श्रेणी के अपने अंतिम प्रयास में बिंद्यारानी ने अपने तीसरे प्रयास में 86 किग्रा भार उठाया।

ये भी पढ़ें..CWG 2022: मीराबाई चानू ने गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई

क्लीन एंड जर्क लिफ्ट वर्ग में उन्होंने अपने अंतिम प्रयास में 116 किग्रा भार उठाकर भारत के लिए रजत पदक जीता। यह इन खेलों में भारत का चौथा पदक है। नाइजीरिया की आदिजात एडेनिके ओलारिनोय ने कुल 203 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले दिन में सैखोम मीराबाई चानू ने बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में महिलाओं के 49 किग्रा फाइनल में 201 किग्रा की संयुक्त लिफ्ट के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत ने अब तक इन खेलों में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल-2022 में रजत पदक जीतने पर भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि उनके तप की अभिव्यक्ति है और इसने हर भारतीय को बहुत खुश किया है। प्रधानमंत्री ने रविवार सुबह ट्वीट कर कहा, "सीडब्ल्यूजी, बर्मिंघम में रजत पदक जीतने के लिए बिंद्यारानी देवी को बधाई। यह उपलब्धि उनके तप की अभिव्यक्ति है और इसने हर भारतीय को बहुत खुश किया है। मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)