खेल Featured

CWG 2022: फाइनल में पहुंची भारतीय पुरुष हॉकी टीम, क्रिकेट में बेटियों ने रचा इतिहास, दिलाएंगी पदक

बर्मिंघमः बर्मिंघमः कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (CWG-2022) का 9वां दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को भारत को 14 पदक दिलाए। एक ओर जहां भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में पहुंचकर गोल्ड मेडल के लिए अपनी प्रबल दावेदारी पेश की तो, वहीं दूसरी तरफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर इतिहास रच दिया है। कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐसा पहली बार होगा जब भारतीय क्रिकेट टीम मेडल जीतेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार देर रात बर्मिंघम में सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराकर राष्ट्रमंडल खेल 2022 के फाइनल में प्रवेश किया। भारत के लिए अभिषेक (20'), मनदीप सिंह (28'), और जुगराज सिंह (58') ने गोल किए। दक्षिण अफ्रीका के लिए रेयान जूलियस (33') और मुस्तफा कसीम (59') ने गोल किए। इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह पक्की कर ली और सोमवार को स्वर्ण पदक मुकाबले में उतरेगी।

ये भी पढ़ें..CWG 2022: नौवें 9वें दिन कुश्ती में जमकर बरसा सोना, भारत की झोली में आए 14 मेडल

मैच की शुरुआत भारत ने आक्रामक तरीके से की। ललित कुमार उपाध्याय ने विपक्ष के डिफेंस को परेशान करते हुए सर्कल में प्रवेश किया। इसके बाद कप्तान मनप्रीत सिंह ने अभिषेक को सर्कल के अंदर एक गेंद दी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के डिफेंस ने खूबसूरती से भारत के इस प्रयास को विफल कर दिया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों में से किसी को भी गोल नहीं मिला। मैच के पहला गोल 20वें मिनट में आया, जब अभिषेक ने सर्कल के किनारे से एक आश्चर्यजनक रिवर्स हिट के जरिये गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 28वें मिनट में मनदीप सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के गोलकीपर को छकाते हुए सामने से गेंद को नेट्स में मार दिया और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने 2-0 की बढ़त के साथ हाफटाइम में प्रवेश किया।

दूसरे हाफ की शुरुआत भारत ने शुरुआती पेनल्टी कॉर्नर से की और तुरंत दक्षिण अफ्रीकी रक्षा पंक्ति पर दबाव डाला। लेकिन वरुण कुमार के शॉट को विपक्ष ने रोक दिया। मैच के 33वें मिनट में रेयान जूलियस ने पेनल्टी को गोल में बदलकर दक्षिण अफ्रीका का खाता खोला और स्कोर 2-1 हो गया। कुछ मिनट बाद, अभिषेक का शॉट गोल पोस्ट की ओर गया, जिसे एक बार फिर गोवन जोन्स ने बचा लिया। मैच के 58वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर जुगराज सिंह ने भारत को 3-1 से आगे कर दिया, हालांकि अगले ही मिनट में मुस्तफा कासिम ने दक्षिण अफ्रीका के लिए गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया। भारत अंतिम सेकंड में अपना संयम बनाए रखने में सफल रहा और 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम

वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को एजबेस्टन में रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को चार रन से हराकर 2022 राष्ट्रमंडल खेलों (CWG-2022) की महिला टी20 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत अब फाइनल में रविवार को स्वर्ण पदक मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया या न्यूजीलैंड से भिड़ेगा जबकि इंग्लैंड अब उसी दिन होने वाले कांस्य पदक मैच में प्रवेश करेगा। भारत द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम का पहला विकेट 28 रन पर गिर गया। सोफिया डंकले 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, व्याट ने 27 गेंदों पर 35 रन बनाए और गेंदबाज स्नेह राणा के ओवर में क्लीन बोल्ड हो गईं।

टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन नताली एससीवर ने 43 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। हालांकि, वे लंबी पारी नहीं खेल सकीं और रन आउट हो गईं। टीम के तीन खिलाड़ी रन आउट हुए, जिसमें एलिसा कैपसे (13), एमि जोन्स (31) और एससीवर (41) शामिल थीं। के ब्रंट शून्य पर आउट होकर वापस पवेलियन लौट गईं। बाउशियर और एलिस्टोन नाबाद रहीं। हालांकि, वे टीम के लिए अंत में कुछ नहीं कर सकीं। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए और भारत से 4 रन से हार गई। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)