उत्तर प्रदेश Featured

कैलेंडर के माध्यम से प्रियंका का संदेश जनता तक पहुंचाएगी कांग्रेस

लखनऊः उत्तर प्रदेश में पांव जमाने के लिए तैयार कांग्रेस की ओर से एक और कदम बढ़ाया गया है। कांग्रेस मुख्यालय से 10 लाख कैलेंडर लखनऊ भेजे गये हैं, जिसमें प्रियंका गांधी का संदेश छुपा हुआ है। कांग्रेस के 2021 के कैलेंडर में हर पन्ने पर प्रियंका गांधी के चित्र को प्रदर्शित किया गया है, जिसके माध्यम से प्रियंका गांधी के संदेश को देने की कोशिश की गई है।

कैलेंडर में कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी को गरीब, शोषित, वंचित, नौजवान, महिलाएं, किसान का हितैषी दिखाया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की ओर से उत्तर प्रदेश में 10 लाख कैलेंडर बांटा जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कैलेंडरो का वितरण करने के लिए एक प्रदेशस्तरीय बैठक होनी है। कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी के मुताबिक यह कैलेंडर जिला स्तर पर कमेटी के सुपुर्द कर लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। कैलेंडर को प्रबुद्ध वर्ग से लेकर मजदूर नेता तक कांग्रेस पार्टी पहुंचाएगी। जिससे प्रियंका गांधी के कैलेंडर में छिपे संदेश को हर व्यक्ति की सोच तक जोड़ा जा सके।

यह भी पढ़ें-कश्मीर घाटी-लद्दाख में फिर होगी बर्फबारी, पारे में आई भारी गिरावट

कैलेंडर की तस्वीरों में प्रियंका को आदिवासी महिलाओं से बात करते, अमेठी में महिलाओं से मिलते, उज्जैन के महाकाल मंदिर में प्रार्थना करते, लखनऊ में गांधी जयंती के कार्यक्रम में भाग लेते, वाराणसी में रविदास जयंती में हिस्सा लेते, हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलते, एक चुनाव रैली को संबोधित करते, आजमगढ़ में बच्चों से मिलते और हरियाणा के एक रोड शो में भाग लेते दिखाया गया है।