Congress : राहुल गांधी का बड़ा हमला, भाजपा ने डर और नफरत फैलाकर भारत को किया कमजोर

0
47

नई दिल्लीः कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में महंगाई पर हल्ला बोल रैली आयोजित की। इस रैली में राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा देश में नफरत फैलाने और देश को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी कांग्रेस की महंगाई पर हल्ला बोल रैली में रामलीला मैदान में बोल रहे थे। राहुल गांधी ने जनता को संबोधन में कहा कि देश में आज क्या हो रहा है या नहीं हो रहा है, आपसे छुपाया नहीं जा सकता। जबसे भाजपा सरकार आई है, नफरत और क्रोध देश में बढ़ता जा रहा है।

ये भी पढ़ें..बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुशफिकुर रहीम ने अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट से लिया संन्यास

हिन्दुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है

राहुल गांधी ने कहा जिसे डर होता है, उसी के अंदर नफरत पैदा होती है। वहीं जिसे डर नहीं होता, उसे नफरत नहीं होती। आज हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है। ये भविष्य का डर, महंगाई का डर, बेरोजगारी का डर है। इसलिए नफरत भी बढ़ती जा रही है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि नफरत से देश बंटता है और कमजोर होता है। आरएसएस और भाजपा के नेता यही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस नफरत का फायदा किसे मिल रहा है? क्या गरीब को, किसान को, मजदूर को इसका फायदा मिल रहा है? इस डर और नफरत का फायदा हिंदुस्तान के सिर्फ दो उद्योगपति उठा रहे हैं।

राहुल गांधी ने बिना नाम लेते हुए कहा कि चाहे एयरपोर्ट हो, पोर्ट हो, सड़क हो, फोन हो या तेल, सबकुछ इन्ही दो उद्योगपतियों को जा रहा है। राहुल गांधी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी की थी। इससे क्या गरीबों को फायदा हुआ? उल्टा गरीबों के जेब से पैसा निकाला गया। ये बाद में पता चला कि देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों का सरकार ने कर्ज माफ कर दिया।

राहुल गांधी ने सरकार से पूछा सवाल

राहुल गांधी ने सरकार से सवाल किया क्या वो उद्योगपतियों की तरह किसान का कर्जा माफ करेंगे? किसान सरकार के खिलाफ है और अगर ऐसा नहीं होता तो मजदूर और किसान इनके खिलाफ सड़क पर नहीं होता। जब मोदी जी ने देखा कि किसान विरोध में खड़े हैं, तो उन्होंने किसान कानून वापस ले लिए। ऐसा ही जीएसटी के साथ है, इससे छोटे दुकानदार और मजदूर किसानों को मार पड़ी है। देश को रोजगार ये उद्योगपति नहीं देते हैं। देश को रोजगार किसान और छोटे धंधा करने वाले लोग देते हैं। इन्ही की कमर मोदी जी ने तोड़ दी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)