प्रदेश मध्य प्रदेश राजनीति

कृषि मंत्री बोले- देशद्रोहियों, आतंकवाद और देश के गद्दारों के साथ है कांग्रेस का हाथ

20220413227L

भोपाल: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उस समय विवादों में आ गई, जब यह यात्रा मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पहुंची। खरगोन जिले में यात्रा के पहुंचने पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। मध्य प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री और खरगोन के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को भारत तोड़ो यात्रा की संज्ञा से नवाजा है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के खरगोन पहुंचने पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। जिससे स्पष्ट हो गया है कि यह भारत जोड़ो नहीं भारत तोड़ो यात्रा है। देश के गद्दार, देशद्रोही और पाकिस्तान समर्थक ही कांग्रेस के साथ हैं। इसलिए देशभक्तों अब आपको जागना पड़ेगा। उन्होंने सभी देशभक्तों को जगाते हुए कहा कि कांग्रेस को पहचानो। इसी कांग्रेस ने भारत के दो टुकड़े कर दिए थे। भारत के आजाद होने के बाद उस समय पाकिस्तान बनाने का काम नेहरू ने प्रधानमंत्री बनने के लिए किया था। जिन्ना भी प्रधानमंत्री बनना चाहता था। दोनों ने मिलकर भारत माता के दो टुकड़े कर दिए।

कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति अपनाकर अनुच्छेद 370 की छूट देकर कश्मीर को अलग किया। टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। जेएनयू में भारत तेरे टुकड़े होंगे हजार के नारे लगे थे। भाजपा सरकार ने देशद्रोह का प्रकरण दर्ज कर कन्हैया कुमार जैसे लोगों को जेल भेजा था। तब अभिव्यक्ति की आजादी का नारा बुलंद करते हुए इन्हीं राहुल गांधी ने उन्हें अपना समर्थन दिया था और यही कन्हैया कुमार यात्रा में इनके साथ चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का हाथ देशद्रोहियों, पाकिस्तान, आतंकवाद और देश के गद्दारों के साथ हैं। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी ने जो कांग्रेस मुक्त भारत का नारा दिया है, वह सही दिया है। अब जरूरी हो गया है कि देश से इनका बहिष्कार किया जाए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)