प्रदेश क्राइम

पेड़ से लटका मिला कांग्रेस बूथ अध्यक्ष का शव, चेहरे पर लिपटा था ये झंडा

उत्तर दिनाजपुरः पश्चिम बंगाल में कांग्रेस बूथ अध्यक्ष का शव घर से कुछ दूर पेड़ से लटका मिला है। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। बताया गया है कि उनके चेहरे पर तृणमूल कांग्रेस का झंडा लिपटा हुआ था। घटना मंगलवार सुबह रायगंज थाने के गौरी ग्राम पंचायत के दक्षिण विष्णुपुर गांव की है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान देवेश बर्मन (50) के रूप में हुई है। दक्षिण विष्णुपुर गांव निवासी देवेश गौरी ग्राम पंचायत के कांग्रेस बूथ अध्यक्ष थे। उसकी मौत कैसे हुई यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। यह हत्या की गई है या आत्महत्या इसका पता लगाने के लिए रायगंज पुलिस के आईसी सूरज थापा ने जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार देवेश बर्मन रोज की तरह सोमवार शाम चाय पीने के लिए घर से निकले थे। काफ़ी देर बाद भी वह घर नहीं लौटे तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। तभी मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने देवेश बर्मन का शव उनके घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटकता देखा। फंदे पर लटके अवस्था में देवेश के चेहरे पर तृणमूल के झंडे लिपटे हुए थे। सूचना मिलते ही रायगंज थाने के आईसी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ेंः-एंटीलिया मामले में गिरफ्तार आरोपितों की न्यायिक हिरासत दो अगस्त तक बढ़ी

देवेश के बेटे विद्रोही बर्मन ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मेरे पिता की हत्या करने वालों के लिए मैं उचित सजा की मांग करता हूं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित सेनगुप्ता ने दावा किया कि देवेश की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि देवेश की हत्या कांग्रेस करने के अपराध में किया गया है। हालांकि उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि जो लोग हत्या करेंगे वे स्वयं उस पार्टी का झंडा वहां नहीं लगाएंगे। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष बासुदेव सरकार ने दावा किया कि तृणमूल ने ही देवेश बर्मन की हत्या की है।