सीएम योगी बोले-आज का भारत निभाना जानता है मैत्री और दुश्मनी

0
26

cm-yogi-adityanath-varanasi

वाराणसीः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा वैश्विक पटल पर भारत के उत्थान और मानवता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भाजपा कार्यकर्ताओं में विचारधारा और संगठन के प्रति आत्मीय भाव पैदा करने के लिए आज सभी राज्यों की विधानसभाओं में टिफिन बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री रविवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के विरदोपुर स्थित कैलाश मठ में भाजपा द्वारा आयोजित टिफिन बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि काशी में टिफिन बैठक में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि हम सबने 9 साल में भारत की बदलती तस्वीर देखी है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले का भारत और उसके बाद का भारत हमारे सामने है। पहले देश के अंदर बड़े-बड़े आंदोलन चल रहे थे। जनता में सरकार के प्रति आक्रोश और अविश्वास देखा जा रहा था। हर दिन एक नया भ्रष्टाचार सामने आता था। आंतरिक और बाहरी सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन पिछले 9 सालों में हमने बदलते भारत को देखा है। हाल ही में हम सभी ने पीएम मोदी का 6 दिन का दौरा देखा है। यह यात्रा भारत की बढ़ती शक्ति का आभास कराती है। आप सभी ने देखा है कि कैसे दूसरे देशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

ये भी पढ़ें..‘केवल एक सीट जीत लें अखिलेश, ले लूंगा राजनीति से संन्यास’,…

टिफिन बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का भारत दोस्ती निभाना जानता है तो दुश्मन की मांद में घुसकर जवाब देना भी जानता है। देश की आंतरिक और बाहरी सीमाएं आज पूरी तरह सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था है। अगले दो-तीन साल में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। कश्मीर कभी अशांत था और आतंकवाद की चपेट में था। आज वह शांति की नई राह पर चल पड़ा है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्य कभी चरमपंथ के चरम पर थे, आज उन राज्यों में बीजेपी सरकार के साथ वो विकास और नए सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

सीएम ने कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन भी खाया

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन भी खाया। मुख्यमंत्री ने कैलाश मठ में 102 वर्षीय महामंडलेश्वर स्वामी रामचंद्र से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद मठ में स्थित महादेव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन भी किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)