अयोध्या में CM योगी की हुंकार, बोले-रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को वोट मिला तो जाएगा खराब संदेश

0
6

cm-yogi-adityanath-in-ayodhya

अयोध्याः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या से कोई रामभक्त लोकतंत्र के इस पर्व में विजयी होकर जाता है तो यहां के बारे में अच्छी धारणा बनती है, पर जब रामभक्तों पर गोली चलाने वाला व्यक्ति कुछ भी वोट पा लेता है तो उसका बहुत खराब संदेश जाता है। लोगों के मन में धारणा जाती है कि यह सब क्या हो रहा है। यह लोकतंत्र का पर्व है, सबको एक वोट देना है। किसी का वोट छोटा-बड़ा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि यहां 60 वॉर्ड हैं। 60 टोली बनाकर अपने मेयर उम्मीदवार महंत गिरीश पति त्रिपाठी के लिए जनता से अपील की करें। अयोध्या हमारी है और इसके प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मणिरामदास छावनी के सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के महापौर उम्मीदवार गिरीश पति त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित सन्त, महन्त के साथ प्रबुद्ध लोगों के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को हम विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाएंगे। अयोध्या पर देश दुनिया की नजर है, इसलिए यहां सर्वांगीण विकास के लिए सशक्त बोर्ड का गठन होना आवश्यक है। जब सशक्त बोर्ड गठित होगा तो विकास तीव्र होगा।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत के प्रति धारणा बदली है। वैश्विक संकट के समय दुनिया अब पीएम मोदी की ओर संकटमोचक के रूप में देखती है, ऐसे में यूपी किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में नहीं रह सकता। हमें बदलते भारत के साथ खुद को जोड़ना होगा। यूपी ने अपने बारे में बनाई गई धारणा को आप सबकी कृपा व आशीर्वाद से छह वर्ष में बदलने में सफलता पाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह वर्ष पहले कहीं बाहर जाते होंगे तो यूपी-संतों के बारे में अच्छी धारणा नहीं होती थी पर आज यूपी के नाम पर हर जगह सम्मान मिलेगा। हर कोई बोलेगा कि आप यूपी से आए हैं और संत हैं तो सोने पर सुहागा। संतों को सम्मान मिलता है, यह बहुत अच्छा लगता है।

ये भी पढ़ें..Hockey Team: ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान,…

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से लगातार हम सभी दीपोत्सव के कार्यक्रम में भागीदार बनते हैं। विगत वर्ष पीएम ने उपस्थित होकर इसे नई ऊंचाइयां दीं। दीपोत्सव हमें त्रेतायुग की ओर ले जाता है। दुनिया अयोध्या आने के लिए लालायित रहती है। इस वर्ष रामनवमी में ही 35 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे। जनवरी में जब प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण पूरा होगा तो एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु आएंगे। नगर निगम में मजबूत बोर्ड होना चाहिए। अयोध्या जितनी अच्छी, सुंदर, स्वच्छ होगी, उतनी ही अच्छी धारणा सनातन धर्म, पूज्य संतों, तीर्थस्थल व भारत के बारे में देश-दुनिया में जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से उनकी तीन पीढ़ियां जुड़ी हैं। वह खुद भी आत्मिक भाव से सर्वाधिक समय अयोध्या को देते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या से उनका विशेष लगाव है। पिछले बोर्ड ने अच्छा करने का प्रयास किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)