सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया हवाई निरीक्षण, लोगों को बांटी राहत सामग्री

33

औरैयाः प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को औरैया जिले में यमुना नदी के किनारे बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई निरीक्षण किया। हवाई निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में लोगों को राहत सामग्री बांटी। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों को जल्द राहत देने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने बताया कि औरैया, इटावा के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री देने आया हूं, साथ ही हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि कोटा से चंबल में पानी छोड़ने से बाढ़ आई है लेकिन कोई जन-हानि नहीं हुई है। सभी को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास रहा कि जन-धन की हानि रोका जाए। इसके अलावा ग्रामीणों को ऊंचे स्थानों पर बसाया जाएगा ताकि बाढ़ की समस्या से उन्हें बचाया जा सके। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भारी बारिश की बजह से बाढ़ आई है। पर्याप्त मात्रा में नौकाओं सहित एनडीआरएफ, पीएसी की फ्लड यूनिट बचाव कार्य में लगाई गई है। बाढ़ पीड़ितों को फूड पैकेट पर्याप्त मात्रा में राशन किट आदि दिया जा रहा हैं। मनुष्य के साथ-साथ पशुओं के चारे की भी व्यवस्था की गई है, इलाज के लिए दवाओं की व्यवस्था हो रही हैं।

यह भी पढ़ें-‘एक्ट ईस्ट’ के तहत शिवालिक और कदमत पहुंचे भारतीय नौसेना के…

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना और चंबल के पानी डाउन हो रहा है। एक सप्ताह के अंदर स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। यूपी सरकार के कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत व प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह जैकी व भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि बाढ़ पीड़ितों की मदद को लगे हैं। जनहानि पर 4 लाख रूपये और एक मकान देने की व्यवस्था है। बाढ़ प्रभावित गांवों को भविष्य में ऊंचे स्थानों पर बसाने के निर्देश प्रशासन को दिए है जिससे भविष्य में बार-बार दिक्कत न हो। ग्रामीणों को बाढ़ से बचाने के लिए बाढ़ प्रभावित गांवों का होगा विस्थापन होगा। वही जिला प्रशासन को जमीन की व्यवस्था करने के निर्देश दे दिए हैं। इससे पूर्व लगभग 26 बाढ़ पीड़ितों को खाघ सामग्री वितरित कर मुख्यमंत्री ने बंद कमरे में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिये। इसके बाद वह ककोर से कार में बैठकर गेल कम्प्रेशर आये और हेलीकॉप्टर से इटावा की ओर रवाना हो गए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)