देश Featured टॉप न्यूज़

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन, 86 साल की उम्र में ली आखरी सांस

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी (Manohar Joshi) का आज (शुक्रवार) तड़के यहां पीडी हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 86 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। परिवार ने बताया है कि दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। पीडी हिंदुजा अस्पताल ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा था कि जोशी गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वयोवृद्ध शिवसेना नेता जोशी को पिछले साल मई में भी ब्रेन हेमरेज के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जोशी 1995 से 1999 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। वह अविभाजित शिवसेना से राज्य में शीर्ष पद संभालने वाले पहले नेता बने। वह संसद सदस्य के रूप में भी चुने गए और 2002 से 2004 तक लोकसभा के अध्यक्ष रहे।

शिवसेना के पहले सीएम 

मूल रूप से महाराष्ट्र के बीड के रहने वाले मनोहर जोशी का जन्म 2 दिसंबर 1937 को रायगढ़ जिले के नंदवी गांव में हुआ था। मुंबई के मशहूर वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (वीजेटीआई) से सिविल इंजीनियरिंग करने के बाद वह आरएसएस से जुड़े और फिर शिव सेना में शामिल हो गए। 70 के दशक में पहली बार पार्षद और फिर विधान परिषद सदस्य चुने गये। यह भी पढ़ेंः-Dharamshala: तिब्बती संगठनों ने चीन के खिलाफ किया प्रदर्शन, द्रिचू नदी पर बांध का विरोध 1995 में जब शिवसेना पहली बार महाराष्ट्र की सत्ता में आई तो उसने बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। सत्ता की कमान शिवसेना को मिल चुकी थी और बाल ठाकरे ने अपने सबसे भरोसेमंद मनोहर जोशी की मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी कर दी थी। इस तरह जोशी ने शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री बनने का खिताब हासिल किया था। मनोहर जोशी 14 मार्च 1995 को मुख्यमंत्री बने और 31 जनवरी 1999 तक इस पद पर रहे। इस तरह मनोहर जोशी ने 3 साल 323 दिन तक कार्यभार संभाला लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)