प्रदेश छत्तीसगढ़ Featured

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की गोवर्धन पूजा, गाय को खिचड़ी खिलाकर मांगी प्रदेश की खुशहाली

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर हर साल की तरह इस साल भी गोवर्धन पूजन और देवारी तिहार पारंपरिक हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित देवारी तिहार एवं गोवर्धन पूजा उत्सव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिवार के सदस्यों के साथ गौरा-गौरी और गोवर्धन पूजा की और गौमाता को खिचड़ी खिलाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने गौवंश के प्रति कृतज्ञता के प्रतीक पर्व पर गौ माता को अपने हाथों से खिचड़ी खिलाकर परंपरा का निर्वहन किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने देवरी, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, मातर अउ गौठान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि दीपावली से कुछ दिन पहले 17 अक्टूबर को न्याय योजनाओं के अंतर्गत लगभग 1900 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किसानों, पशुपालकों, स्व-सहायता समूहों, भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में किया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी और बिजली कर्मचारियों को भी दीवाली पर बोनस दिया गया। इससे छत्तीसगढ़ में इस साल बहुत उत्साह से दीपावली मनाई गई।

ये भी पढ़ें..ऋषि सुनक के ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने पर अनुपम खेर ने खास अंदाज में दी बधाई

उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में एक दूसरे के घर में दीपक पहुंचाने की परंपरा है। यह परंपरा लक्ष्मी पूजा से शुरू होती है, गौरा-गौरी पूजन, गोवर्धन पूजा तक इसका निर्वहन होता है। दीपावली भगवान राम के अयोध्या आगमन के उत्सव का त्यौहार है। इस त्यौहार के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाई जाती है। भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत और पशुधन की पूजा को प्राथमिकता दी। हमारी सरकार भी गौ-माता की सेवा करने का काम कर रही है। पशुपालकों को भी इसका लाभ मिल रहा है।

इस मौके पर वन मंत्री मोहम्मद अकबर, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल, प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रमुख कमला दीदी और कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, महापौर रायपुर एजाज ढेबर आदि उपस्थित थे।

मछुआरों ने मुख्यमंत्री को सौखी भेंट किया -

इस मौक पर मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य व मछुआ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी महासचिव दिनेश फुटान, प्रदेश सचिवद्वय जीपी धीवर, बसंत निषाद, शहर उपाध्यक्ष संतोष निषाद, शहर प्रभारी महामंत्री छत्रपाल धीवर ने जाल (सौखी) भेंट किया।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…