प्रदेश के उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नरहरपुर जनपद पंचायत के भगत सिंह वार्ड क्रमांक 05 निवासी संतोषी दुर्गा को 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण मिला है। इस निमंत्रण से संतोषी इतनी अभिभूत हुईं कि उनकी आँखों में ख़ुशी के आँसू भर आये। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।
ये भी पढ़ें:Raipur: श्रीराम के ननिहाल से डाॅक्टरों की टीम अयोध्या रवाना, धर्मस्व मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
‘श्रीराम ने मुझे अयोध्या बुलाया है’
कांकेर जिले के नरहरपुर की रहने वाली संतोषी दुर्गा भी श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष निमंत्रण मिलने पर भावुक हो गईं और कहा कि भगवान श्री राम ने मुझे अयोध्या बुलाया है। संतोषी दुर्गा के परिवार में उनके पति रवींद्र दुर्गा सहित छह सदस्य हैं।
700 से अधिक पोस्टमॉर्टम कार्यों में सहायता की
पेशे से सफाईकर्मी संतोषी दुर्गा अपने पिता के साथ नरहरपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र जाती थीं। बाद में उनकी नियुक्ति सफाईकर्मी के पद पर हो गयी। उन्होंने 700 से अधिक पोस्टमॉर्टम कार्यों में सहायता की है। 06 जनवरी 2024 को जब संतोषी को श्री राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से निमंत्रण मिला तो उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्हें मिले निमंत्रण से पूरे नरहरपुर में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी संतोषी से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनका सम्मान किया।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)