प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर बरसे ब्रजेश पाठक, कहाः भाजपा राज में यूपी छोड़कर भाग रहे गुंडे

dy-cm-brajesh-pathak

मेरठः उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर है। जो कानून व्यवस्था पूर्ववर्ती सरकारों में बिगड़ी हुई थी, अब यूपी में गुंडे और माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। उत्तर प्रदेश की पहचान अब न्याय और विकास बन गया है। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में गुरुवार को जीटी रोड स्थित आर्यन बैंक्वट हॉल में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी की नामांकन सभा का आयोजन किया गया। सभा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल हुए। नामांकन सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश और देश का गौरव लौटा है। पूर्ववर्ती सरकारों में देश की पहचान भ्रष्टाचार से और प्रदेश की पहचान गुंडे-माफिया थे, लेकिन भाजपा सरकार में न्याय और विकास यूपी की पहचान बन गया है। अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। किसानों को सम्मान निधि और महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण का भी ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का महत्व बढ़ा है। भारत की प्रतिभा और विकास को पूरी दुनिया में सराहा जा रहा है। यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का गौरव लौटा है। खतौली के उपचुनाव को यहां के सम्मान का चुनाव बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को यहां से बड़े अंतर से विजय मिलेगी। रालोद-सपा प्रत्याशी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि एक गीत प्रचलित है, जो खतौली के बाहुबली प्रत्याशी पर सटीक बैठता है। यह गीत है ‘तुम तो ठहरे परदेशी, साथ क्या निभाओगे। पांच दिसम्बर को पहली गाड़ी से लौट जाओगे।’ उन्होंने कहा कि सपा सरकार में आपराधिक तत्वों का बोलबाला था। हर रोज दंगे होते थे। अब उत्तर प्रदेश पूरी तरह से दंगा मुक्त है और अपराधी भाग रहे हैं। खतौली सीट पर फिर से कमल का फूल खिलेगा। नामांकन सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व विधायक विक्रम सैनी, वीरपाल निर्वाल, उमेश मलिक, सुखविंदर सोम, देवबंद विधायक बृजेश सिंह, प्रदेश के राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, अनिल त्यागी, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक अशोक कंसल, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, वैभव त्यागी आदि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें..हार्दिक पांड्या के मुरीद हुए लक्ष्मण, बोले- वह एक शानदार लीडर...

राजकुमारी सैनी ने दाखिल किया नामांकन
खतौली से भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर कचहरी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही कवाल कांड में मारे गए गौरव की मां सुरेश देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। पर्चा दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि मेरे बेटे गौरव की 2013 में हत्या की गई। बेटे की हत्या का इंसाफ आज तक नहीं मिला। जिसके चलते चुनावी रण में आने का परिवार ने फैसला किया।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…