संदिग्ध परिस्थितियों में मिला भाजपा के बूथ अध्यक्ष का शव, हत्या की आशंका

44

लखनऊः उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के सुबेहा थाना क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं बूथ अध्यक्ष के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार थाना सुबेहा इलाके के गांव पण्डित का पुरवा निवासी हरिहर सिंह (65) पॉल्ट्री फार्म चलाते थे। वह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष भी थे। रविवार को उनका शव घर के पीछे पड़ा मिला। कर्मचारी भोला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। गले में चोट के निशान मिले हैं। पूछताछ के दौरान भोला ने बताया कि हरिहर सिंह पॉल्ट्री फार्म की रखवाली करने के लिए रात में यहीं रुक जाया करते थे।

यह भी पढ़ें-MP: सोमवार से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, बाढ़ की…

रविवार को जब वह काम के लिए यहां पहुंचा तो हरिहर को बिस्तर पर न पाकर उसे शंका हुई। इसके बाद भोला ने अन्य लोगों को जानकारी देने के बाद खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान हरिहर सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के पीछे मिला। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवेचना के दौरान जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)