क्राइम

शुभेंदु के कार्यक्रम से पहले भिड़े भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ता, 4 घायल

पूर्व मेदनीपुरः पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर इलाके में शनिवार को राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के कार्यक्रम से पहले भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना में करीब चार लोगों के घायल होने की खबर है।

इस घटना के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता भूपतिनगर थाना घेराव करने पहुंचे। लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के साथ भी भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि भूपतिनगर थाना प्रभारी अत्याचार कर रहे हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी पुलिस को लज्जा नहीं आ रही है। राज्य में विरोधियों को अपने कार्यक्रम नहीं करने दिया जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर भाजपा फिर से कानून तोड़ो आंदोलन करेगी।

दरअसल शनिवार को भूपतिनगर के सुशीला मोड़ इलाके में भाजपा का एक कार्यक्रम था जिसका नेतृत्व शुभेंदु अधिकारी करने वाले थे। इस कारण शनिवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता इलाके में इकट्ठा हो रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर नारा लगाना शुरू कर दिया। जवाब में भाजपा की ओर से भी नारे लगाए गए। देखते ही देखते परिस्थिति बिगड़ती गई। भूपतिनगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिस्थिति को काबू किया इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भूपतिनगर थाना घेराव करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस घटना की वजह से भूपतिनगर थाना नजदीक इलाके में तनाव है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)