Bijapur: छत्तीसगढ़ में बीजापुर पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली है। बीडीएस की टीम ने उसूर-आवापल्ली मुख्य मार्ग पर उसूर से 3 किलोमीटर दूर धान मंडी के पास सड़क पर माओवादियों द्वारा लगाए गए 25 किलो के IED को बरामद कर उसे नष्ट कर दिया। माओवादियों ने IED को सड़क के बीचों-बीच प्लास्टिक के कंटेनर में भरकर रखा था।
Bijapur: मुख्य सड़क पर रखा गया था विस्फोटक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक माओवादियों ने बड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से कमांड स्विच सिस्टम की मदद से मुख्य सड़क पर प्लास्टिक के कंटेनर में IED रखा था। IED से आम जनता को नुकसान पहुंच सकता था। आम जनता की जान की परवाह किए बिना इस तरह से मुख्य सड़क पर IED लगाना और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से माओवादियों की बौखलाहट को दर्शाता है। माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही कार्रवाई से साफ है कि उनके नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे।
पिछले सप्ताह मारे गए थे आठ नक्सली
बता दें कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। पिछले शनिवार को बीजापुर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में आठ नक्सलियों को मार गिराया था। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने इंसास राइफल, बीजीएल लांचर समेत कई हथियार भी बरामद किए थे।
ये भी पढ़ेंः- बिजनेसमैन से वसूली के आरोप में शिवसेना UBT नेता गिरफ्तार, ब्लैकमेल कर मांगे थे 10 करोड़
बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र में 31 जनवरी को डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 202 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस 222 बटालियन की संयुक्त टीम को पश्चिम बस्तर संभाग के प्रतिबंधित नक्सली संगठन के नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कोरचोली-तोड़का के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। काफी देर तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)