बिहार Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

Bihar: नीतीश कुमार ने 8वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, तेजस्वी दूसरी बार बने डिप्टी सीएम

nitish-Tejashwi

पटनाः बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। महागठबंधन की नई सरकार में नीतीश कुमार ने बुधवार को आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही तेजस्वी यादव ने दूसरी बार बिहार के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें शपथ ग्रहण कराया। इसके साथ बिहार में सबसे ज्यादा बार मुख्यमंत्री बनने का रिकार्ड नीतीश कुमार ने दर्ज कराया है। वहीं भाजपा ने आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) किया।

ये भी पढ़ें..स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकियों और सुरक्षाबलों में मुठभेड़, राहुल और अमरीन के हत्यारों को घेरा|IPK

शपथ ग्रहण समारोह में लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री और भाई तेज प्रताप शामिल हुए। इनके अलावा महागठबंधन के सभी विधायक और बड़ी संख्या में अन्य नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री को राज्यपाल फागू चौहान ने उनसे हाथ मिलाकर उन्हें बधाई दी। वहीं तेजस्वी ने शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गले मिले और उनका आशीर्वाद लिया।

https://twitter.com/ANI/status/1557287035547033602?s=20&t=Tz3C2MkKIOC_dIBXnPSNDA

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण करने की तारीख तय करने की बात कही। साथ ही उन्होंने मीडिया से बातचीत में वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को मन से एकजुट होने का आह्वान किया। नीतीश कुमार ने कहा, हमारी सरकार बन गई है। शपथ भी हो गई। बाकी मंत्रियों के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर थपथ ग्रहण कराई जाएगी।

2024 में रहें या न रहें,2014 वाले नहीं रहेंगे

नीतीश कुमार ने कहा, 2020 में जो कुछ हुआ, उससे हमारी पार्टी के लोगो में असंतोष था। सबने हमसे अलग होने के लिए कहा, हम अलग हो गए। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर उन्होंने कहा, मेरी कोई दावेदारी नहीं है। हमने जो भी निर्णय लिया है, अपने पार्टियों के साथियों के साथ लिया है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि हम निश्चित तौर पर विपक्ष को मजबूत करेंगे। नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, 2024 में हम रहें या न रहें, 2014 वाले नही रहेंगे। नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी इशारों में निशाना साधा। कहा, जिनको लगता है विपक्ष खत्म हो जाएगा, तो हम लोग तो आ ही गए हैं विपक्ष में।

भाजपा नेताओं ने नीतीश के विरुद्ध किया प्रदर्शन

उधर बिहार में भाजपा नेताओं ने बुधवार को नीतीश के नेतृत्व में बन रही नई सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय के बाहर धरना पर बैठे भाजपा नेताओं ने नीतीश कुमार पर जनादेश के अपमान का आरोप लगाते हुए नारे लगाए। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार ने पलटने की अपनी बात को साबित किया। जनादेश का अपमान किया है। बिहार के विकास को रोकने का काम किया है। भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि हम लोगों के प्यार का नीतीश कुमार ने अच्छा सिला दिया है।

सिर्फ भाजपा ही नहीं, जनता से भी ये धोखा किया है। शहनवाज ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नाम पर एनडीए गठबंधन से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने नीतीश ने राजद से हाथ मिलाकर जनादेश का अपमान किया है। जनता के साथ इस छल और विश्वासघात का फैसला बिहार की महान जनता जनार्दन जरूर करेगी। बिहार की जनता नीतीश को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि तुंदी-ए-बाद-ए-मुख़ालिफ़ से न घबरा ऐ उक़ाब! ये तो चलती है तुझे और ऊंचा उड़ाने के लिए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)