सरोज खान की पहली पुण्यतिथि पर भूषण कुमार ने किया बायोपिक बनाने का ऐलान

0
91

मुंबईः बॉलीवुड में मास्टरजी के नाम से मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान की आज पहली पुण्यतिथि है। सरोज खान की पहली पुण्यतिथि पर निर्माता भूषण कुमार ने उनकी बायोपिक बनाने का ऐलान किया है। इसकी जानकारी फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दी। फिलहाल इस फिल्म के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन जल्द ही फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियां दर्शकों के सामने होगी।

अपनी डांस कोरियोग्राफी से भारतीय सिनेमा में धूम मचाने वाली निर्मला किशनचंद साधु सिंह नागपाल उर्फ सरोज खान को कई बेहद सफल गीतों के लिए जाना जाता था। हिंदी सिनेमा की नंबर वन अभिनेत्रियां उनको अपना डांस गुरू मानती रही हैं। सरोज खान के बच्चों कोरियाग्राफर राजू खान, सुकैना खान और हिना खान ने इस बायोपिक के लिए लंबी चर्चाओं के बाद हां की है। कोरियोग्राफर सरोज खान उन चंद महिलाओं में से थीं जिन्होंने हिंदी सिनेमा में उस समय काम किया था जब लगभग सभी तकनीशियन पुरुष ही होते थे। सरोज खान तीन वर्ष की उम्र में फिल्म जगत में कदम रखा और 10 वर्ष की उम्र में डांसर बन गईं। 12 वर्ष की उम्र में तो वह असिस्टेंट कोरियोग्राफर बन गईं थीं।

यह भी पढ़ेंःयूपी में रविवार को बनेगा पौधरोपण का नया रिकॉर्ड, एक दिन में लगेंगे 25 करोड़ पौधे

अपने कॅरियर में लगभग 3500 गीतों की कोरियोग्राफी करने वाली सरोज खान ने एक दो तीन, चोली के पीछे क्या है, हवा हवाई, धक धक करने लगा जैसे कई हिट गानों पर बेहतरीन डांस सिखाए हैं। इनके अलावा ‘देवदास’, ‘लम्हे’, ‘नगीना’, ‘कलंक’, ‘चांदनी’, ‘सांवरिया’, ‘ताल’, ‘बेटा’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, और कई अन्य फिल्मों में कोरियोग्राफ किए। उन्होंने बॉलीवुड की कई टॉप की अभिनेत्रियों को डांस का हुनर सिखाया और उन्हें बुलंदियों पर पहुंचाया। 3 जुलाई, 2020 को 71 वर्ष की उम्र में सरोज खान का निधन हो गया था।