प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

भूपेंद्र सिंह चौधरी का वार, कहाः खत्म हो गया सबका गढ़, भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन

इटावाः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा के लोग कहते थे ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष उपचुनाव में प्रचार करने नहीं जाते हैं, लेकिन आज घर-घर जाकर प्रचार भी कर रहे हैं और चाचा की मान-मनौव्वल भी कर रहे हैं। पहले चर्चा होती थी कि यह सपा का गढ़ वह बसपा का गढ़ है लेकिन अब सबका गढ़ खत्म हो गया। सपा की गुंडागर्दी, अपराधीकरण, भ्रष्टाचार, जातिवाद तथा परिवारवाद की नीति के कारण सैफई परिवार को प्रधानी के भी लाले पड़ जाएंगे। सपा को यदि लगता है कि उनका कोई गढ़ है तो यह उनका भ्रम है अब किसी का कोई गढ़ नहीं। हर जगह से भाजपा को जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी बुधवार को मैनपुरी लोकसभा उप-चुनाव के तहत जनपद इटावा की जसवंतनगर विधानसभा में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी है। हम सबको साथ लेकर सबके विकास के संकल्प के साथ सबका विश्वास अर्जित कर आगे बढ़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता केन्द्रित पार्टी है और पार्टी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच में रहकर काम करते हैं। इसलिए हमारे लिए कोई भी चुनाव बड़ा नहीं होता है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है।

ये भी पढ़ें..संजू सैमसन को नहीं खिलाने पर हार्दिक पांड्या ने दिया बड़ा...

श्री चौधरी ने कहा कि अखिलेश सरकार में मैनपुरी व इटावा का क्षेत्र गुंडागर्दी से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश में गुंडे, अपराधियों तथा माफियाओं पर कानून का शिकंजा कसा गया और प्रदेश के माफिया व अपराधी गले में तख्ती लगाकर घूमते हुए सरेंडर करने लगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर पिछली सरकार के लूट, कब्जे, गुंडई, डकैती, वसूली और अपराधियों को संरक्षण देने वाली सपा सरकार के काले कारनामें जनता को स्मरण कराना है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व नीतियों को भी जनता तक पहुंचाने का काम करना है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…