प्रदेश दिल्ली क्राइम

लूटे गए माल के बंटवारे को लेकर विवाद में गई थी युवक की जान, 5 गिफ्तार

Murder.

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रविवार देर रात हुई युवक आमान (20) की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सम्बंध में दो नाबालिगों समेत पांच लड़कों को पकड़ा है। आरोपितों की पहचान मोहित शर्मा (22), जुनैद (21) और समीर खान (20) के रूप में हुई है। दरअसल पकड़े गए सभी लड़के और आमान एक साथ मिलकर अपराध करते थे।

लूटे गए माल के बंटवारे को लेकर आमान से इनका विवाद हुआ था। इसके लिए आरोपितों ने यमुना विहार सी-12 स्थित पार्क में उसकी चाकू से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चार चाकू व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी संजय कुमार सैन ने मंगलवार को बताया कि रविवार देर रात को उनकी टीम यमुना विहार इलाके में गश्त पर थी। इस बीच टीम ने देखा कि सी-12, एकता पार्क में एक युवक खून से लथपथ पड़ा है। फौरन युवक को नजदीकी जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मृतक की पहचान कबीर नगर निवासी आमान (20) के रूप में हुई।

भजनपुरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कुछ लड़के पार्क में दाखिल होते हुए दिखे। उसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया। फुटेज के आधार पर आरोपितों की जानकारी जुटाई गई। सोमवार देर शाम को पुलिस ने नॉर्थ घोंडा निवासी मोहित शर्मा नामक युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने आमान की हत्या की बात कबूल कर ली। मोहित ने बताया कि आमान उसका दोस्त था। वह आमान व बाकी लड़कों के साथ मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने मोहित से पूछताछ के बाद जुनैद, समीर खान के अलावा साढ़े 17 साल और 15 साल के दो नाबालिग लड़कों को भी पकड़ लिया। यह सभी एक साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। कुछ दिनों पूर्व इन लोगों ने एक लूट की थी। उसका माल अकेले आमान ने हड़प लिया था। इसको लेकर आपस में विवाद था।

रविवार को आरोपितों ने बातचीत के बहाने आमान को बुलाया था। इसके बाद चाकू के एक दर्जन से अधिक वारकर आमान को मौत के घाट उतार दिया गया। पकड़े गए आरोपितों में मोहित ग्रेजुएट है और अपने पिता के साथ दूध का काम करता है। समीर दसवीं पास है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…