Ayodhya: सीएम योगी पहुंचे राम नगरी, प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों का लिया जायजा

0
72

Ayodhya: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री ने 22 जनवरी को होने वाली श्री राम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत हुए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि रामनगरी सबसे स्वच्छ और सुंदर दिखे। इसके लिए कुंभ मॉडल यहां भी लागू करें।

लखनऊ से अयोध्या पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि परिसर के अस्थाई मंदिर में रामलला की आरती की और विधिवत पूजा-अर्चना की।

भ्रमण देखी व्यवस्था

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मुख्यमंत्री को तीर्थ क्षेत्र पुरम में ट्रस्ट द्वारा विकसित टेंट सिटी का भ्रमण कराकर तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने महंत अवेद्यनाथ जी नगर, ओंकार भावे नगर, वामदेव जी महाराज नगर सहित परिसर के सभी कस्बों का भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सफाई व्यवस्था कुंभ जैसी होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी व्यवस्था करें कि सड़कों पर कहीं भी धूल उड़ती न दिखे, शौचालयों की प्रतिदिन सफाई की जाये। उन्होंने विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और साधु-संतों का कुशलक्षेम भी पूछा। मुख्यमंत्री कुबेर टीला भी गए, जहां उन्होंने जटायु को श्रद्धांजलि दी। विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि 22 जनवरी के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। इसलिए प्रत्येक कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर होना चाहिए। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्रद्धालुओं के होना चाहिए अच्छा व्यवहार

22 जनवरी के बाद रामनगरी आने वाले पर्यटकों के लिए आवास व्यवस्था के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में यहां कोई दिक्कत न हो इसका ख्याल रखा जाए। पुरुष एवं महिला शौचालयों की नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की कुप्रबंधन नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम जलकल भवन, बेनीगंज का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पंचवटी आश्रम का भी जायजा लिया। यहां मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि साफ-सफाई अच्छी होनी चाहिए। गरम पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। गद्दे और कंबल साफ-सुथरे होने चाहिए। यहां तैनात लोगों को आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए। सेवा भावना से कार्य करें।

यह भी पढ़ेंः-Ram Mandir: गंगानंद जी महाराज को भी मिला राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण, कहा- ये ऐतिहासिक क्षण

आदित्यनाथ ने मणिराम दास छावनी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। रामलाल से उसकी प्राण प्रतिष्ठा के संबंध में चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री दिगंबर अखाड़ा भी गये। गौरतलब है कि अखाड़े का गोरक्षपीठ से बहुत पुराना नाता है।

रिपोर्ट- विशाल श्रीवास्तव, अयोध्या

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)