हरियाणा राजनीति

लोकसभा चुनाव से पहले AAP को लगा तगड़ा झटका, यह दिग्गज भाजपा में हुआ शामिल

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफा देने वाले अशोक तंवर (Ashok Tanwar) शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। तंवर हरियाणा में बड़ा राजनीतिक चेहरा हैं। शनिवार को बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में अशोक तंवर ने बीजेपी की सदस्यता ली।

2009 से 2014 तक सिरसा से सांसद भी रहे

अशोक तंवर हरियाणा में आम आदमी पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 18 जनवरी को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले अशोक तंवर कांग्रेस में थे। वह हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे। वह 2009 से 2014 तक सिरसा से सांसद भी रहे। हालांकि, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें सिरसा सीट पर ही हार का सामना करना पड़ा। अशोक तंवर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव भी रह चुके हैं। सबसे कम उम्र में अशोक तंवर भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी बने। इसके अलावा वह नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के पूर्व अध्यक्ष थे। अशोक तंवर का राजनीतिक सफर एनएसयूआई कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ। तंवर कांग्रेस में राहुल गांधी के काफी करीबी थे लेकिन हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुडडा से राजनीतिक मतभेद और पार्टी में खींचतान के चलते उन्होंने 5 अक्टूबर 2019 को कांग्रेस छोड़ दी थी। ये भी पढ़ें..Rahul Gandhi पर कोर्ट ने लगाया जुर्माना, RSS कार्यकर्ता ने दर्ज कराया था केस

2022 में आप पार्टी में हुए थे शामिल

26 फरवरी, 2021 को अशोक तंवर ने नई दिल्ली में अपनी नई पार्टी 'अपना भारत मोर्चा' बनाई लेकिन बाद में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। तृणमूल कांग्रेस ने गोवा चुनाव की जिम्मेदारी अशोक तंवर को दी थी लेकिन पार्टी वहां कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। नतीजा ये हुआ कि अशोक तंवर जल्द ही तृणमूल कांग्रेस से संतुष्ट हो गए और 2022 में टीएमसी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। हालांकि तंवर के आने से आम आदमी पार्टी काफी उत्साहित थी, लेकिन ये उत्साह ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका। 18 जनवरी को अशोक तंवर ने भी आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया। दो दिन बाद शनिवार को वह बीजेपी में शामिल हो गए। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)