Army Day: पीएम मोदी-रक्षामंत्री ने दी सेना दिवस की बधाई, पहली बार दिल्ली से बाहर होगा परेड का आयोजन

0
34

नई दिल्लीः इंडियन आर्मी (Army Day) आज अपना 75वां स्थापना दिवस मना रही है। देश में हर साल 15 जनवरी को भारतीय थल सेना दिवस मनाया जाता है। आजादी के बाद पहली बार भारतीय सेना दिवस बेंगलुरू में मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना के वीर जवानों को नमन किया। सेना दिवस (Army Day) पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जवानों को नमन किया।

ये भी पढ़ें..बाबा गोरखनाथ के चरणों में सीएम योगी ने अर्पित की खिचड़ी, जयघोष से गूंजा वातावरण

राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट कर कहा सेना दिवस पर, आइए याद करें भारतीय सेना के जवानों के बलिदान की अनगिनत कहानियाँ! उन्होंने हमेशा वीरता और साहस की सीमाओं को आगे बढ़ाया है और आपदाओं के समय रक्षक के रूप में भी काम किया है। मैं इस अवसर पर भारतीय सेना के सभी वीर जवानों और उनके परिवारों को नमन करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि सेना दिवस (Army Day) पर मैं सभी सैन्यकर्मियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देता हूं। प्रत्येक भारतीय को हमारी सेना पर गर्व है। उन्होंने हमेशा हमारे देश को सुरक्षित रखा है। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय सेना वीरता और साहस का पर्याय है। आर्मी डे पर, मैं सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बधाई देता हूं। देश को सुरक्षित रखने के संकल्प के लिए भारत को हमारी सेना पर गर्व है। हम अपने वीरों को नमन करते हैं और उनके सर्वोच्च बलिदान को भी नमन करते हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने भी भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को बधाई दी है। सिंह ने कहा है राष्ट्र सेना के अदम्य साहस, वीरता, बलिदान और सेवा को नमन करता है। भारत को सुरक्षित रखने के लिए भारतीय सेना के प्रयासों पर गर्व है।

उधर बेंगलुरु के गोविंदस्वामी परेड ग्राउंड में सेना दिवस कार्यक्रम शुरू हो गया है। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे इस कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस बार सेना दिवस की थीम ‘रक्तदान करें- जीवन बचाएं’ है। पहली बार सेना दिवस समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर किया गया है। गौरतलब है कि फील्ड मार्शल के एम करियप्पा के 15 जनवरी 1949 को अपने ब्रिटिश पूर्ववर्ती के स्थान पर भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ का पदभार संभालने के उपलक्ष्य में सेना दिवस मनाया जाता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)