Featured लाइफस्टाइल हेल्थ

वजन नियंत्रित रखने के साथ ही पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है छाछ

लखनऊः गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। हर कोई गर्मी से परेशान होने लगा है। ऐसे में अब लोग गर्मी से निजात पाने के अलग-अलग तरीके ढूंढने लगे हैं, वहीं गर्मी में सेहत का भी विशेष ध्यान रखना पड़ता है। इसलिए खान-पान का खास ध्यान रखना भी आवश्यक होता है। गर्मियों में अक्सर लोग छाछ या लस्सी पीना ज्यादा पसंद करते हैं। सामान्य तौर पर तो लोग ये सब सिर्फ गर्मी को दूर करने और स्वाद के लिए पीते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि छाछ और लस्सी सिर्फ स्वाद ही नहीं सेहत के लिए भी फायदेमंद है। लस्सी और छाछ को पौष्टिक पेय माना गया है। इससे पेट और पाचन तंत्र अच्छी तरह काम करता है। पेट में होनी वाली गर्मी और कब्ज की समस्या को भी नियमित रूप से छाछ पीकर दूर किया जा सकता है। इतना ही नहीं, छाछ और नमकीन लस्सी पीने से वजन भी तेजी से कम होता है यानी स्वाद के साथ आपकी फिटनेस के लिए भी छाछ और लस्सी जरूरी है। छाछ और लस्सी में कई गुणों से युक्त होते हैं। इसमें कैल्शियम, विटामिन बी 12, जिंक और प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है। आइये जानते हैं आपको स्वस्थ रखने के लिए छाछ और लस्सी कैसे काम करती है। साथ ही अगर आप वजन कम करना चाह रहे हैं, तो आपको छाछ या लस्सी में से क्या पीना चाहिए।

वजन कम करती है छाछ कई पौष्टिक गुणों से युक्त छाछ को गर्मियों में रोज खाने के साथ एक गिलास पीने से कई तरह के फायदे मिलते हैं। छाछ में पानी काफी मात्रा में होता है। इसलिए इसे काफी हल्का पेय पदार्थ माना जाता है। ये काफी जल्दी पच जाता है। खाने के साथ छाछ पीने से प्यास भी बुझ जाती है और पेट भी जल्दी भर जाता है। छाछ में काफी कम मात्रा में कैलोरी होती है। छाछ दही और लस्सी से थोड़ा खट्टा होता है, इसलिए इसमें कम अम्लीय पदार्थ पाए जाते हैं। छाछ से खाना आसानी से पच जाता है। इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है। कब्ज की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी छाछ काफी फायदेमंद है। वहीं छाछ का सेवन करने से वजन कम हो जाता है। छाछ से जमा फैट कम होता है। खाने के बाद छाछ पीने से एसिड रिफ्लक्स को भी रोका जा सकता है।

यह भी पढ़ेंःछत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे ब्लैक फंगस के मरीज, एक दिन में 21 की मौत

इम्युनिटी बढ़ाती है लस्सी छाछ की तरह ही लस्सी भी काफी फायदेमंद पेय पदार्थ है। भूख लगने पर एक बड़ा ग्लास लस्सी पीने से पेट काफी देर तक भरा रहता है। इससे देर तक भूख नहीं लगती है। हालांकि लस्सी में छाछ से ज्यादा फैट होता है। लस्सी मीठी होने की वजह से इसमें कैलोरी काफी होती है, हालांकि कई लोगों को इसका मीठा स्वाद ज्यादा अच्छा लगता है। आपको आजकल मार्केट में फ्लेवर्ड लस्सी भी मिल जाएगी। लस्सी पीने से पेट को ठंडक मिलती है और शरीर के लिए फायदेमंद है। देश जारी कोरोना महामारी को देखते हुए हर कोई ऐसी चीजों का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे इम्युनिटी मजबूत हो। ऐसे में लस्सी काफी फायदेमंद है। लस्सी इम्युनिटी को बढ़ाती है। रोज लस्सी पीने से पेट की सूजन कम हो जाती है। प्रोबायोटिक्स से भरपूर होने की वजह से लस्सी पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करती है। इतना ही नहीं लस्सी बॉडी हीट को कंट्रोल करती है। इलेक्ट्रोलाइट और पानी की मात्रा ज्यादा होने से शरीर में नमी बनी रहती है। साथ ही लस्सी पीने से एसिडिटी कम होती है और वजन भी कम होता है।