बिहार Featured

दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे लोगों को भारी वाहन ने कुचला, तीन की मौत

Accident

पटनाः बिहार के सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी और हरियाही के बीच एनएच-57 पर एक पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गये, जिनकी हालत गंभीर है।

मिली जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद दो बाइक पर सवार छह लोग एनएच-57 की ओर निकले थे। तभी दोनों बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी छह लोग सड़क पर गिर गये। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना में एक बाइक सवार मधुबनी जिला के घोघरडीहा निवासी सोनू कुमार राय (18) की मौत मौके पर ही हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार संजय राय और एक अन्य जख्मी हैं।

यह भी पढ़ें-दिल्ली पुलिस ने सुलझाया निशा दहिया मर्डर केस, दो को किया...

दूसरे बाइक पर सवार अन्धरामठ थाना क्षेत्र के न्योर निवासी मो. आरिफ और सरायगढ़ भपटियाही निवासी मो. शफीक की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। न्योर गांव निवासी मो. मुस्ताक और मो. साकिब गंभीर रूप से जख्मी हैं। घायलों का इलाज निर्मली अनुमंडल अस्पताल में किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे निर्मली सीओ मुकेश कुमार और थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने दो शव और जख्मी लोगों को एनएचआई के एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल निर्मली पहुंचाया। घोघरडीहा थाना क्षेत्र के मृत युवक का शव परिजन ले गए। निर्मली सीओ मुकेश कुमार ने पुष्ट किया है कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)