कैथलः हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद द्वारा पराली जलाने के मामले में रविवार को प्रदेश के सभी डीसी की बैठक के बाद कैथल प्रशासन भी हरकत में आ गया है। मुख्य सचिव ने डीसी डॉ. विवेक भारती को इस मामले में सख्त कदम उठाने और किसानों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को पुलिस ने पराली जलाने के मामले में चार किसानों को गिरफ्तार किया है।
6 किसानों के खिलाफ एफआईआर
ढांड थाना प्रबंधक राजेंद्र ने बताया कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ पहले डीडीआर दर्ज की गई थी। चार किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्हें नियमानुसार थाने में जमानत दी गई है। पूंडरी थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि अब तक उनके थाने में पराली जलाने के आरोप में छह किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर्मियों को फील्ड में भेजा गया है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीएसपी वीरभान ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार उन्होंने संबंधित थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले दर्ज किए गए हैं, उन्हें आज ही गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद किसानों को गिरफ्तार किया गया है।
कैथल में पराली जलाने के 123 मामले
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिले में अब तक धान की फसल के अवशेष जलाने के 123 मामले सामने आए हैं। इनमें से 40 में आग लगने की लोकेशन नहीं मिली, जबकि 63 में धान की फसल के अवशेष जलाने की बात सही पाई गई और उन पर 1 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः-Bhagalpur: मंदिर में घुसकर तोड़ी भगवान की मूर्तियां, आक्रोशित लोगों ने किया पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज
43 किसानों की मंडी में दो सीजन के लिए एंट्री बैन
कैथल में पराली जलाने वाले 43 किसानों की मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रेड एंट्री की गई है। इन किसानों की जमाबंदी में लाल निशान लगा दिए गए हैं। इसके चलते अब ये किसान अगले 2 सीजन तक मंडियों में अपनी फसल एमएसपी पर नहीं बेच पाएंगे। इनकी फसल दो सीजन तक खुले बाजार में बिकेगी। कैथल का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी 372 के पार पहुंच गया है। इसके चलते शहर की हवा भी बेहद खराब हो गई है। लोगों की आंखों में जलन हो रही है और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)