वाम दलों को इस बार भी निराशा! रिकॉर्ड जीत की तरफ बढ़े अभिषेक

9

कोलकाताः Lok Sabha Elections 2024 के लिए पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर मतगणना के नतीजे बेहद दिलचस्प होते जा रहे हैं। यहां सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस 31 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा 10 सीटों पर आगे चल रही है। खास बात यह है कि 2019 की तरह इस साल भी वाम दलों को निराशा हाथ लगी है।

राज्य में किसी भी सीट पर वाम दलों के उम्मीदवार आगे नहीं चल रहे हैं। कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है। 2019 की तरह इस साल भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी रिकॉर्ड अंतर से जीत की ओर बढ़ रहे हैं। डायमंड हार्बर लोकसभा सीट पर वह प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार से तीन लाख 14 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। मेदिनीपुर लोकसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार जून मालिया 24 हजार वोटों से आगे चल रही हैं।

वर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट पर भाजपा के मजबूत उम्मीदवार दिलीप घोष अभी भी पीछे चल रहे हैं। ये आंकड़े दोपहर 2:00 बजे तक के हैं। माना जा रहा है कि ये आंकड़े नतीजों में तब्दील होंगे।

यह भी पढ़ेंः-Delhi Lok Sabha Election Result 2024: दिल्ली की सभी सात सीटों BJP आगे, काउंटिंग जारी

दिलचस्प मुकाबला

हुगली जिले में सुबह से ही मुकाबला दिलचस्प रहा और हुगली और आरामबाग लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। जबकि श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कल्याण बनर्जी आगे चल रहे थे, लेकिन दोपहर करीब एक बजे तीनों सीटों पर तृणमूल प्रत्याशियों ने बढ़त बना ली। चुनाव से पहले तृणमूल से भाजपा में लौटे बैरकपुर के निवर्तमान सांसद अर्जुन सिंह 10 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। उनके केंद्र के तृणमूल उम्मीदवार पार्थ भौमिक आगे चल रहे हैं। दमदम में सौगत रॉय 8184 वोटों से आगे चल रहे हैं, बारासात में तृणमूल की काकली घोष दस्तीदार 39 हजार 880 वोटों से आगे चल रही हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)