हरियाणा

AAP के प्रदेश अध्यक्ष बोले- भ्रष्ट अधिकारियों की नियुक्ति कर सीएम ने बताया वे उनके साथ

जींदः आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि सीएम मनोहर लाल ने गीता पर हाथ रखकर कसम खाई थी कि वह किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेंगे, लेकिन उन्होंने किसी भी भ्रष्टाचारी को अच्छे पद के बिना नहीं छोड़ा। वे मंगलवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।

सीएम कर रहे नियुक्ति

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि साल के पहले ही दिन सीएम ने भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित और जेल जा चुके आईएएस अधिकारी विजय सिंह दहिया को करनाल का मंडलायुक्त नियुक्त किया। जयवीर सिंह आर्य को वित्त विभाग का विशेष सचिव और सुरेश को मानव संसाधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया। मनोहर सरकार ने भ्रष्टाचारियों को नियुक्ति देकर यह साबित कर दिया है कि वह भ्रष्टाचारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि सीएम के राज में पूरे हरियाणा में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। जीन्द, गुरूग्राम, फ़रीदाबाद हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। सिर्फ कागजों पर ही काम हो रहा है, धरातल पर नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। दो दिन पहले अतिथि शिक्षकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया था। जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें आईं और अब पटवारी और ड्राइवर हड़ताल पर जा रहे हैं।

बीजेपी की सरकार में बढ़े अपराध

भाजपा सरकार में डॉक्टर, नर्स, कर्मचारी और किसान सभी हड़ताल पर रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हरियाणा में अपराध कई गुना बढ़ गया है। चार दिन पहले टोहाना में एक युवक की गर्दन पर चाकू रखकर लूटपाट की गई थी। बेरोजगारी के मामले में भी हरियाणा पूरे देश में शीर्ष पर है। जहां जूनियर महिला कोच को परेशान करने के आरोपी संदीप सिंह को मंत्री बनाया गया है। यह भी पढ़ेंः-पंजाब में भी दिखा बंद का असर, हरियाणा और चंडीगढ़ में पेट्रोल न मिलने से मचा हाहाकार वहीं जब जंतर-मंतर पर न्याय की लड़ाई लड़ रही हरियाणा की बेटियों को कुचला जा रहा था और अब पहलवान अपने मेडल लौटा रहे तो हरियाणा के मुख्यमंत्री चुप हैं। अब आम आदमी पार्टी 2024 में भ्रष्टाचारी भाजपा सरकार को प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)