भ्रष्टाचार को खत्म करने वाली आम आदमी पार्टी खुद भ्रष्टाचार में डूबी है: तेजस्वी सूर्या

0
55

मथुरा: भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खात्मे की बात करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार खुद भ्रष्टाचार में डूबी है।

शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बैंगलुरू दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या मथुरा के वृंदावन पहुंचे। यहां तेजस्वी ने दिल्ली भाजयुमो के वृंदावन में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र में सहभागिता की। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए और पूजा अर्चना भी की।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी बेहद गोपनीय कार्यक्रम के तहत मथुरा के वृंदावन पहुंचे थे। उन्होंने भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए और राष्ट्र की सुख समृद्धि व उन्नति की कामना की। बांके बिहारी मंदिर पहुंचे तेजस्वी सूर्या ने वहां देहरी पूजन किया और दीपक भी जलाया। करीब आधा घंटे तक मंदिर में रहे तेजस्वी इस दौरान पूरी तरह भक्ति भाव में डूबे नजर आए। तेजस्वी के बांके बिहारी जी के दर्शन करने के बाद मंदिर के सेवायत पुजारियों ने उनको भगवान का प्रसाद और अंग वस्त्र भेंट किया।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या वृंदावन में चल रहे दिल्ली भाजयुमो के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पहुंचे थे। दिल्ली के भाजयुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि 2024 चुनाव में भाजपा एक बार फिर से परचम लहराएगी। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा 2019 से ज्यादा सीट जीतेगी। सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं। वर्तमान में दिल्ली के शराब घोटाले ने केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी। आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को सबक सिखा देगी। दिल्ली सरकार की फ्री पॉलीटिक्स पर उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, बस किराया आदि फ्री देने की घोषणा कर सरकार आम जनता पर ही कर्ज और टैक्स का बोझ बढ़ा रही है। इससे आम जनता का भला नहीं बल्कि और अधिक बुरे दिन आने की स्थिति बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।