प्रियंका गांधी ने कहा- आपदा के समय क्यों याद नहीं आया हिमाचल

18
priyanka-gandhi-attacks-bjp

Shimla : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ऊना जिले के गगरेट में कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने पीएम पर हिमाचल में आई आपदा को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में भयानक प्राकृतिक आपदा आई, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी आपदा के दौरान एक बार भी हिमाचल नहीं आए। आपदा राहत कार्य के लिए केंद्र से राज्य को एक रुपया नहीं आया। मोदी जी ने राज्य में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया। राज्य सरकार की ओर से सारी राहत दी गयी।

सरकार गिराने की कोशिश

प्रियंका ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने राज्य की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की। धनबल के साथ उन्होंने विधायकों को चोरों की तरह कभी इधर तो कभी उधर छुपाया। यह जनता के सामने लोकतंत्र के विरुद्ध सबसे बड़ा अपराध करने का प्रयास था। यह हमारे नेताओं का दृढ़ संकल्प था कि सरकार एकजुट रही। जिनको जाना था वे धनबल के आधार पर चले गये। भाजपा का एकमात्र धर्म सत्ता और संपत्ति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के लिए काम करती है, पैसे और सत्ता के लिए नहीं।

प्रियंका ने कहा कि मोदी ने 10 साल तक देश की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने देश के 22 खरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिया, जबकि वह देश के किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सके। तीन कृषि कानूनों और कर्जमाफी के कारण देश के 600 से ज्यादा किसान अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। आज देश की महिलाएं अपने घर मेहमानों को लाने में भी शर्म महसूस करती हैं। 2014 में जो सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था वह आज 1200 रुपये में मिल रहा है। आज न तो विरोध करने वाले मंत्री विरोध कर पा रहे हैं और न ही महंगाई के नाम पर मोदी जी के मुंह से एक शब्द निकल रहा है।

बेरोजगारी पर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि आज देश में बेरोजगारी चरम पर है। आज देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं। देश में युवा शिक्षित हैं, लेकिन रोजगार किसी के पास नहीं है। देश में 30 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं, जिन्हें कांग्रेस की सरकार बनते ही भरा जाएगा। इसके अलावा नारी न्याय योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को 8500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। ग्रेजुएट युवाओं को एक साल तक इंटर्नशिप के तौर पर 8500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को उनकी फसल के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी।

प्रियंका ने आगे कहा कि मोदी सरकार के 10 साल में लोकतंत्र का नामोनिशान नहीं है। धनबल से सरकारें गिराई जा रही हैं। जनता को हर जगह, हर स्तर पर धोखा दिया गया है। कांग्रेस सरकारें लोगों को राहत देने का प्रयास कर रही हैं। चुनाव आते ही बीजेपी नेता ध्यान भटकाने के लिए धर्म की बात करने लगते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि एक तरफ यह विचारधारा वाली पार्टी है, जिसने विविधता के बावजूद देश के लोगों को एकजुट करने के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, वहीं दूसरी तरफ यह विचारधारा वाली पार्टी है, जिसने देश के लोगों को बांट दिया है। अब फैसला आपको करना है।

यह भी पढ़ेंः-रिटायर्ड कर्नल रोहित चौधरी बोले- अग्निवीर के नाम पर युवाओं को बांट रही मोदी सरकार

प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक इस देश में सभ्य राजनीति स्थापित नहीं होगी तब तक कुछ नहीं बदलेगा। इस देश के लोकतंत्र और संविधान पर आंच नहीं आने दी जाएगी। मोदी सरकार ने विदेश से आने वाले सेब पर टैक्स घटा दिया, जबकि यहां सेब पर जीएसटी लगाया जा रहा है। कांग्रेस किसानों को मजबूत करने का काम करेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)