Wednesday, October 23, 2024
spot_img
spot_img
spot_img
Homeदेशरांची में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफान पर हरमू नदी

रांची में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफान पर हरमू नदी

Ranchi-rain

रांचीः झारखंड में फिलहाल मानसून सक्रिय है। राज्य में शनिवार को शुरू हुई बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को भी सुबह से बारिश हो रही है। भारी बारिश (Ranchi-rain) के साथ ही तापमान गिर गया है। जानकारों की माने तो बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के कारण झारखंड के सभी जिलों में भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण राजधानी रांची की लगभग सभी सड़कें जलमग्न हो गयी हैं।

ऐसे में किशोरगंज-हरमू रोड, बरियातू-बूटी रोड, करमटोली चौक, हरिहर सिंह रोड में जलजमाव से राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। भारी बारिश के बाद शहर से लुप्त हो रही हरमू नदी उफान पर है। काफी समय बाद लोगों ने इस नदी में पानी का वेग देखा है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि भले ही इस बारिश से परेशानी हुई है, लेकिन हरमू नदी में इतना पानी देखकर उन्हें पुराने दिनों की याद आ गई है।

ये भी पढ़ें..तुर्की में संसद के पास आत्मघाती विस्फोट, सरकार ने बताया आतंकी हमला, एनकाउंटर में दूसरा ढेर

मरीज भी परेशान

सेवा सदन रोड भी जलमग्न हो गया है। स्थिति यह है कि बड़ा तालाब और सेवा सदन रोड का जलस्तर एक लेवल पर पहुंच गया है। भारी बारिश के बीच सबसे ज्यादा परेशानी रिम्स में भर्ती मरीजों को हो रही है। अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग के गलियारे में भर्ती मरीजों के परिजन छाता लगाकर अपने मरीजों और खुद को बारिश से बचाने की कोशिश करते दिखे। फर्श पर पानी भरा हुआ है, जिससे मरीज अपने बिस्तर को भीगने से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। परिजन अपने मरीज को चटाई, प्लास्टिक और चादर से ढककर बारिश से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बारिश के बाद रिम्स के फिजियोथेरेपी विभाग में पानी भर गया है।

बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट

रांची स्थित मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने कहा है कि राज्य में 6 अक्टूबर तक भारी बारिश (Ranchi-rain) होगी। कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट और कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के आसार हैं। यहां गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है। जो सिस्टम उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में है वह 24 घंटे में पश्चिम बंगाल तट पर पहुंच जाएगा। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

पिछले 24 घंटे से धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रांची और रामगढ़ में बारिश हो रही है। गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम जिले में भारी बारिश का अनुमान है। इन जगहों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा और पलामू में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी-तूफान आने की भी आशंका है। चतरा, हज़ारीबाग और लातेहार जिले में भी गरज के साथ बारिश की संभावना है। देवघर और कोडरमा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें