देश Featured

कांगड़ा में बनाए गए 1625 मतदान केंद्र, 13 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे अपना विधायक

धर्मशाला: प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के तहत आने वाले 15 विधानसभा क्षेत्रों में इस बार कुल 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता हैं। इनमें छह लाख 53 हजार 661 महिला मतदाता और छह लाख 80 हजार 875 पुरुष वोटर हैं। सर्विस वोटर की संख्या 21768 हैं। विदेश में रह रहे छह प्रवासी निर्वाचक हैं। इसके अलावा तीसरे जेंडर के छह मतदाता हैं।

वहीं, अगर बात विधानसभावार आंकड़ों की करें तो नूरपुर में 45176 महिला व 48540 पुरुष, इंदौरा में 44501 महिला, 48742 पुरुष, फतेहपुर में 43982 महिला और 46221 पुरुष, ज्वाली में 49684 महिला व 52161 पुरुष, देहरा में 42054 महिला व 43209 पुरूष, जस्वां परागपुर में 39008 महिला व 40848 पुरुष, ज्वालामुखी में 39333 महिला और 40808 पुरुष, जयसिंहपुर में 42588 महिला व 42590 पुरुष, सुलाह में 53130 महिला व 53846 पुरुष मतदाता हैं, नगरोटा में 44702 महिला व 46260 पुरुष, कांगड़ा में 41427 महिला और 42420 पुरुष, शाहपुर में 43801 महिला व 46177 पुरुष, धर्मशाला में 41469 महिला व 42359 पुरूष, पालमपुर में 38392 महिला व 40057 पुरुष व बैजनाथ में 44714 महिला और 46637 पुरुष मतदाता हैं।

ये भी पढ़ें..आईआईटी कानपुर में तेंदुआ की दहशत, वन विभाग के CCTV में...

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने बताया कि प्रदेश में 12 नवम्बर को होने वाले विधानसभा के आम चुनावों के लिए कांगड़ा जिला में मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास को लेकर एक रिहर्सल की जा चुकी है। वहीं दूसरी रिहर्सल चार नवम्बर तथा तीसरी और अंतिम रिहर्सल 10 नवम्बर को होगी। तत्पश्चात पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।

जिले में 1625 मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट -

निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में 1625 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में 143 और ग्रामीण क्षेत्र में 1482 मतदान केंद्र हैं। 813 मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। 30 पोलिंग बूथ ऐसे होंगे जिन्हें महिला चुनाव कर्मी संचालित करेंगी।

सात नवम्बर को होगा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन -

उधर स्वीप की जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा गन्धर्वा राठौर ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सात नवंबर को धर्मशाला के इंडोर स्टेडियम में विभिन्न प्रकार के खेलों की प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बेडमिंटन, टेबल टेनिस व हाॅकी एवं एथलेटिक्स से जुड़े खेलों का आयोजन जिला युवा एवं खेल विभाग के तत्वाधान से किया जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)