राजनीति

थानों का घेराव कर जेल भरो आंदोलन करेगी भाजपा, पार्टी ने दिए संकेत

BJP

कोलकाताः राज्य में नवान्न सचिवालय घेराव का आयोजन कर ममता सरकार की नाक में दम कर चुकी भारतीय जनता पार्टी अब एक और बड़े आंदोलन की रूप रेखा तैयार करन में जुट गई है। इस बात के संकेत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद राज्य भाजपा प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन चलाकर सभी थानों का घेराव करने की योजना बना रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मजूमदार ने बताया कि मंगलवार को राज्य सचिवालय घेराव अभियान के दौरान पुलिस ने शांतिपूर्वक तरीके से मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को घेर-घेर कर पीटा था। अभियान के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं को फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि दुर्गा पूजा के बाद राज्यभर के सभी थानों का घेराव कर जेल भरो की योजना बनाई जा रही है। इसे लेकर प्रदेश नेतृत्व ने जिला नेताओं को निर्देश दे दिए हैं।

मजूमदार ने आरोप लगाया कि भाजपा के सचिवालय घेराव के दौरान लुंगी और टोपी पहने लोगों ने पथराव किया है और आरोप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है। प्रदेश भाजपा का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राज्य की वरिष्ठ नेता और पार्षद मीना देवी पुरोहित को घायल किया है। यहां तक कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त राज्यसभा सदस्य स्वपन दासगुप्ता पर भी हमले किए गए। प्रदेश भाजपा ने दावा किया है कि मंगलवार में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कारवाई से एक हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की जांच के लिए दिल्ली से एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में चार सांसद भी शामिल हैं। पार्टी ने एक बयान में बताया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल और समीर उरांव, लोकसभा सदस्य राज्यवर्धन सिंह राठौर, अपराजिता सारंगी और पंजाब से भाजपा नेता सुनील जाखड़ को इस समिति में शामिल किया गया है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…