प्रदेश Featured पंजाब

पंजाब की नई कैबिनेट में युवा जोश और अनुभव का तालमेल, जानें मंत्रियों के बारे में

चंडीगढ़ः पंजाब में नए बने कैबिनेट मंत्रियों में युवा जोश और अनुभव का तालमेल बिठाया गया है। भगवंत मान कैबिनेट में सबसे अंत में शपथ लेने वाले हरजोत सिंह बैंस सबसे कम 31 वर्ष के हैं, जो मंत्री बने हैं। उम्र के लिहाज से दूसरे नंबर पर 32 वर्षीय गुरमीत सिंह मीत हेयर हैं। भगवंत मान मंत्रिमंडल में 60 वर्षीय कुलदीप धालीवाल भी शामिल हैं। चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल हलफिया बयान के आधार पर लालचंद कटारूचक्क ने छह लाख रुपये की संपत्ति घोषित की थी, जिसके आधार पर यह माना जा रहा है कि भगवंत मान मंत्रिमंडल में लालचंद कटारूचक्क सबसे गरीब मंत्री हैं। कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा आठ करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर मंत्री हैं।  पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) के शपथ ग्रहण समारोह में शनिवार को 10 विधायकों ने पहले कैबिनेट गठन की शपथ ली।मंत्रियों में एक महिला, 4 अनुसूचित जाति (एससी) और 2 हिंदू शामिल हैं। पंजाब की कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, एक प्रमुख दलित चेहरा और गुरमीत सिंह मीत हेयर को छोड़कर, बाकी 8 मंत्री पहली बार विधायक बने हैं।

कैसे हैं पंजाब के मंत्री

हरपाल सिंह चीमा- मालवा क्षेत्र के दिड़बा विधानसभा हलके से लगातार दूसरी बार विधायक बने चीमा मान कैबिनेट में दूसरे नंबर पर हैं। पंजाब में 27 जुलाई, 2018 से 11 मार्च, 2022 तक नेता प्रतिपक्ष रहे हरपाल चीमा पंजाबी यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री धारक हैं।

डा. बलजीत कौर-मालवा क्षेत्र के मलौट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीती बलजीत कौर के पिता प्रो.साधु सिंह पूर्व सांसद रहे हैं। पेशे से आंखों की डाक्टर हैं। चुनाव प्रचार के दौरान भी पहले आंखों की जांच करने और बाद में वोट मांगने की तस्वीरे वायरल होती रही हैं। तीन माह पहले नौकरी छोड़कर आप में शामिल हुईं। चुनाव जीतीं और अब मान कैबिनेट की एकमात्र महिला मंत्री होंगी।

हरभजन सिंह ईटीओ- माझा क्षेत्र के जंडियाला सीट से जीते। वर्ष 2012 में पीसीएस की परीक्षा पास करके ईटीओ बने। वर्ष 2017 में स्वेच्छा से सेवानिवृत्त हुए। 2017 में आम आदमी पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़े परन्तु तीसरे नंबर पर रहे। इस बार जीतकर मंत्री बन गए।

डा.विजय सिंगला-पंजाब के मालवा क्षेत्र की मानसा सीट से जीतकर विधानसभा में पहुंचे हैं। पेशे से दांतों के डाक्टर सिंगला ने सिद्धू मूसेवाला को हराया है।

लाल चंद कटारूचक-पंजाब के माझा क्षेत्र की भोआ सीट से जीते हैं। लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय हैं। एक रात पहले जब वह घर में कपड़े धो रहे थे तो मीडिया के माध्यम से उन्हें मंत्री बनने के बारे में पता चला। समाज सेवक लालचंद ने कांग्रेस के जोगिन्द्र पाल को हराया है।

गुरमीत सिंह मित्र हेयर- पीटीयू जालंधर से 2012 में बीटेक करने के बाद राजनीति में उतरे। वर्ष 2017 में पहली बार चुनाव लड़ा और जीतकर विधानसभा पहुंचे। मालवा की बरनाला सीट से अकाली दल के कुलवंत कीतू को हराया। बरनाला को लेकर यह मिथक तोड़ा कि यहां का विधायक और मंत्री एक ही पार्टी के नहीं होते।

कुलदीप सिंह धालीवाल- पेशे से किसान हैं। दसवीं तक की पढ़ाई की है। माझा की अजनाला सीट से जीतने वाले धालीवाल भगवंत मान मंत्रिमंडल में उम्र के लिहाज से सबसे बड़े हैं।

लालजीत सिंह भुल्लर- भगवंत मान के इस मंत्री की गिनती प्रगतिशील किसान के रूप में होती है और पेशे से आढ़ती हैं। कृषि विशेषज्ञ के रूप में अक्सर अपने अनुभव साझा करते रहते हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के दामाद तथा पूर्व मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों के पौत्र आदेश प्रताप कैरों को हराकर विधानसभा पहुंचे हैं।

ये भी पढ़ें..युद्ध के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोग, राष्ट्रपति पुतिन ने...

ब्रह्म शंकर जिंपा-12वीं पास ब्रह्मशंकर का अपना कारोबार है। होशियारपुर के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं।
हरजोत सिंह बैंस- लंदन स्कूल आफ इकनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से पढ़े हैं। आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। लंबे समय से आम आदमी पार्टी का झंडा उठाए हुए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)