Home अन्य क्राइम लव मैरिज करने वाले युवक को प्रेमिका के भाईयों ने किडनैप कर...

लव मैरिज करने वाले युवक को प्रेमिका के भाईयों ने किडनैप कर पीटा, हालत गंभीर

young-man-Love marriage -kidnapped-and-beaten

हिसारः हरियाणा के हिसार में एक युवक को उसकी प्रेमिका की मौसी के लड़कों ने अपहरण कर लिया और बुरी तरह पीटा। बता दे कि युवक ने फरीदाबाद की एक लड़की से प्रेम विवाह (Love marriage) किया था। आरोप है कि ये लोग उसे बाइक पर बैठाकर ले गए और बेरहमी से पीटा, फिर सड़क पर गिरा दिया और उसकी बाइक छीन ली।

रास्ते में रोककर की पिटाई

अस्पताल में उपचाराधीन अंबेडकर कॉलोनी निवासी अरुण ने बताया कि उसने चार दिन पहले हिसार में बल्लभगढ़, फरीदाबाद निवासी निशा से प्रेम विवाह किया था। उसने बताया कि वह डिलीवरी कूरियर सर्विस का काम करता है। बुधवार सुबह वह अपनी बाइक से ऑफिस जा रहा था। इसी दौरान हिसार-दिल्ली रोड पर बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने बाइक अड़ाकर उसे रोक लिया। तीनों ने उसका मोबाइल और बाइक छीन ली। उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और अपने साथ ले गये। उसे काफी दूर ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई तो युवक भाग गए। बाद में उसके परिजन आए और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

यह भी पढ़ेंः-नीतीश के विवादित बयान का मामला पहुंचा कोर्ट, परिवाद पत्र दाखिल

6 महीने पहले हुई थी दोस्ती

अरुण ने बताया कि करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की रहने वाली निशा से हुई थी। दोनों के बीच प्यार हो गया। दोनों ने शादी कर साथ रहने का फैसला किया, लेकिन लड़की के घरवाले राजी नहीं हुए। इसके बाद वे घर से भाग गए और 4 नवंबर को हिसार में प्रेम विवाह कर लिया। वह उसे अपने घर ले आए। अरुण के मुताबिक, निशा की मौसी हिसार में रहती हैं। इसकी जानकारी उनके बेटों को हुई तो विवाद हो गया। इसी रंजिश के चलते लड़की की मौसी के लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version