Home दिल्ली Delhi Pollution: दिल्ली में सांस लेना हुआ दुश्वार, हवा के साथ पानी...

Delhi Pollution: दिल्ली में सांस लेना हुआ दुश्वार, हवा के साथ पानी भी प्रदूषित, झाग तले दबी यमुना

Yamuna-is-most-polluted-areas-surrounding-delhi

New Delhi, Yamuna polluted in areas: राजधानी दिल्ली बढ़ते वायु प्रदूषण से जूझ रही है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में प्रदूषण की वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। दिल्ली में AQI का स्तर 400 के पार पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में हवा के साथ-साथ पानी भी दूषित हो गया है।

यमुना के पानी में हर जगह जहरीला झाग दिखाई दे रहा है। शनिवार को कालिंदी कुंज इलाके में यमुना नदी में जहरीला सफेद झाग तैरता नजर आया। आलम यह है कि नदी का पानी देखना मुश्किल हो गया है।

यमुना के झाग पर क्या कहना है शोधकर्ताओं का

यमुना की अविरलता और निर्मलता के लिए संघर्ष कर रहे शोधकर्ताओं का मानना है कि इसका कारण नदी में पर्याप्त प्रवाह का न होना है। सरकारें यमुना के न्यूनतम पर्यावरणीय प्रवाह को बनाए रखने में विफल रही हैं।

साथ ही नदी में गिरने वाले नालों की भी ठीक से सफाई नहीं हो पाई है। इसका नतीजा झाग के रूप में दिख रहा है। अगर हथिनी कुंड बैराज से यमुना का करीब 50 फीसदी पानी छोड़ दिया जाए तो इसमें कमी आ सकती है।

Delhi Pollution: यमुना के झाग पर गरमाई सियासत

उधर यमुना के झाग पर सियासत गरमा गई है। शनिवार को बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “मुझे अरविंद केजरीवाल का पुराना वादा याद आ गया !

जिसमें उन्होंने कहा था कि वर्ष 2025 तक यमुना नदी पूरी तरह से साफ हो जाएगी और दिल्ली के निवासी यमुना में स्नान कर सकेंगे। आज मैं अपने घर से यमुना घाट पर आया हूं। मैंने यमुना नदी से एक गिलास पानी लिया है। जिसमें सिर्फ झाग है।”

ये भी पढ़ेंः- Kolkata News: 15वें दिन भी जारी जूनियर डॉक्टरों की भूख हड़ताल, जोरदार रैली का किया जाएगा आयोजन

शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) ने आप पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, यमुना नदी की सफाई के लिए जो पैसा आया था वह दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। जिसकी वजह से आज यमुना की यह हालत है। छठ पूजा नजदीक है और यमुना की हालत ऐसी है कि चारों तरफ सिर्फ जहरीला झाग दिखाई दे रहा है। यह सनातन का अपमान है। यह यमुना जी का अपमान है। दिल्ली आज गैस चैंबर बन गई है। लोगों को मास्क पहनकर बाहर निकलना पड़ रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर है। पहले दिल्ली सरकार पंजाब सरकार को दोष देती थी। लेकिन, अब चुप है क्योंकि उनकी सरकार है।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले 10 सालों में दिल्ली में प्रदूषण के मूल कारणों पर कुछ नहीं किया। दिल्ली के स्मॉग टावर बंद हैं। लेकिन, दिल्ली सरकार का आरोप-प्रत्यारोप का खेल अभी भी जारी है। हरियाणा, यूपी, राजस्थान को दोषी ठहराया जा रहा है। उन्होंने कहा आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और सीएम आतिशी व अन्य नेता यहां आएं और बताएं कि यमुना का पानी डुबकी लगाने लायक है या नहीं।

झाग पर गरमाई राजनीति पर आप ने दी सफाई

उधर यमुना में झाग को लेकर गरमाई राजनीति के बीच आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली सरकार स्थिति पर पूरी गंभीरता से नजर रख रही है। इसके लिए ओखला और आगरा नहर पर चीफ इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर तैनात किए गए हैं।

ओखला बैराज के गेट खुलने के समय पर नजर रखने के साथ ही उच्च अधिकारियों को नियमित अपडेट दिया जा रहा है। इसके अलावा हर दो घंटे में बैराज के निचले हिस्से की तस्वीरें अपलोड की जा रही हैं। सरकार स्थिति पर काबू पाने के लिए हर संभव इंतजाम करेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version