225 वैक्सीनेशन बूथ पर महिलाओं को हुआ टीकाकरण, महापौर संयुक्ता भाटिया ने भी लगवायी वैक्सीन

32

लखनऊः अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश में महिलाओं के लिए अनूठी पहल करते हुए प्रत्येक जनपदों में तीन-तीन वैक्सीन बूथों पर सिर्फ महिला स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बूथ पर आने वाली 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं को कोरोना टीका लगाया जा रहा है। इसके अलावा 45 से 60 वर्ष की आयु वाली महिलाएं जो पहले से चिह्नित बीमारियों से ग्रसित हैं, उनको भी वैक्सीन की डोज दी जा रही है।

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के लिए विशेष रूप से पूरे प्रदेश में 225 महिला वैक्सीनेशन बूथ बनाये गये हैं। इन टीकाकरण केन्द्रों पर वैक्सीन लगाने के लिए महिला स्टॉफ ही तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त 3,000 से अधिक वैक्सीनेशन बूथ बनाये गये हैं जहां पर 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों तथा 45 से 60 वर्ष की आयु वाले लोग जो पहले से चिह्नित बीमारियों से ग्रसित है उनका भी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इस मौके पर लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में कोरोना के वैक्सीन की पहली डोज ली। उन्होंने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और सब वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सफलतापूर्वक टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है।

यह भी पढ़ेंःछत्‍तीसगढ़ व‍िधानसभा : सदन में गूंजा बठेना गांव में मौत का…

उन्होंने बताया कि वहीं प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 103 नये मामले सामने आये हैं। वहीं प्रदेश में अब सक्रिय मामलों की संख्या 1,634 हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में कल एक दिन में कुल 83,749 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 3,21,70,019 सैम्पल की जांच की गयी है। कुल सक्रिय मामलों में से 683 लोग होम आइसोलेशन में हैं। निजी चिकित्सालयों में 85 लोग इलाज करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त मरीज सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 5,94,008 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,941 क्षेत्रों में 5,12,325 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,98,795 घरों के 15,29,39,019 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।