महिलाओं को निर्वस्त्र कर पीटने की घटना पर महिला मंत्री का चौंकाने वाला बयान, कहा- ‘कपड़े उतर गए तो उतर गए’

15

 

कोलकाताः मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना पर विपक्ष केंद्र सरकार पर पूरी तरह हमलावर है। इस बीच पश्चिम बंगाल के हावड़ा और मालदा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर पीटने की घटना पर ममता कैबिनेट के मंत्री शशि पांजा ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा, “घटना मालदा के एक बाजार में हुई। आरोप है कि जिन दो महिलाओं की पिटाई की गई, उन्होंने चोरी की थी। जिनकी पिटाई हुई, वे भी महिलाएं हैं। जब महिला सिविक वॉलंटियर्स ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो दोनों महिलाओं ने कानून अपने हाथ में ले लिया। उसी समय धक्का-मुक्की में कपड़े उतर गए तो उतर गए।”

बीजेपी अध्यक्ष ने बताया असंवेदनशील

उनके बयान को लेकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि ममता कैबिनेट के मंत्री शशि पांजा का ऐसा बयान अपने आप में असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। देश में अगर महिलाएं कहीं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं तो वह बंगाल है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और हिंसा की घटनाओं में बंगाल देश के पांच राज्यों में शीर्ष पर है। सीपीआई (एम) की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने भी मालदा घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि महिलाओं पर अत्याचार और बर्बरता असहनीय है। हालांकि, उन्होंने राज्य प्रशासन की निंदा करने के बजाय इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि जहां घटना हुई, वहां से बीजेपी सांसद हैं।

यह भी पढ़ेंः-दिल्ली: मणिपुर बर्बरता के खिलाफ कुकी समुदाय का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन, दोषियों को फांसी देने की मांग

वायरल हुआ था वीडियो

गौरतलब है कि 19 जुलाई को मालदा में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए ममता कैबिनेट के मंत्री शशि पांजा ने कहा कि दोनों महिलाएं चोर थीं। जब महिला सिविक वॉलंटियर्स ने उन्हें पीट रही जनता से बचाने की कोशिश की तो दोनों महिलाओं ने कानून अपने हाथ में ले लिया। ये भी ठीक नहीं है। इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है, पुलिस जांच कर रही है।

दोनों महिलाओं के परिजनों ने बताया कि वे नींबू बेचने का काम करती हैं। वह गांवों में नींबू बेचने जाती थी, जहां उसके साथ मारपीट की जाती थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)