लखनऊ के इंदिरा नहर में बक्से में मिली महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी

41

लखनऊ: लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में शुक्रवार को एक बक्से में महिला की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसी थानाक्षेत्र के भटवारा गांव के पास इंदिरा नहर में एक महिला का शव बंद बक्से में मिला। ऐसा माना जा रहा है कि शव आठ से दस दिन पुराना है। पुलिस मृतका की पहचान का प्रयास कर रही है।

राजधानी लखनऊ में इतनी दुस्साहिक घटना को तब अंजाम दिया गया जब सीएम योगी और पुलिस मुखिया द्वारा आगामी आने वाले त्यौहारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए गए हो। ऐसा लगता है कि उच्चाधिकारियों के आदेश को थाने स्तर के पुलिस अधिकारी एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देते हैं। महिला का शव बक्से में उस समय मिला, मछुआरे जब नहर में मछली पकड़ने के लिए गए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मछुआरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और महिला की पहचान के लिए आस-पास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि शव आठ से दस दिन का पुराना है।

गोसाईगंज एसएचओ घटना की जानकारी देने के बजाय सोशल मीडिया में चल रही जानकारी लेने की सलाह देते हैं। शव की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। मामले में पुलिसिया व्यवहार बता रहा कि महिला की शिनाख्त भगवान भरोसे हो जाए तो हो जाए पुलिस अपनी तरफ से खानापूर्ति ही कर रही है। जबकि पुलिस को चाहिए कि ऐसे महिला अपराध की कई बिंदुओं पर पड़ताल कर कातिलों की गर्दन तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए।

यह भी पढ़ें-Bihar: सुशील मोदी बोले, केंद्रीय मदद से ही हुआ विकास, 2.5 करोड़ लोगों की दूर हुई गरीबी

पुलिस के मुताबिक इंदिरा नहर में शुक्रवार सुबह मछुआरे मछली पकड़ने के लिए गए थे। मछली पकड़ने के लिए मछुआरों ने जैसे जाल नहर में फेंका कि इसी दौरान भटवारा गांव की माइनर में फंसा हुआ एक बक्शा जाल में फंस गया। यह माजरा देख मछुआरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मछुआरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव आठ से दस दिन का पुराना लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद हत्यारों ने लाश को बक्शे में भरकर फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर शव की शिनाख्त कराने में जुट गई है।

हत्या के केसों में भी पहचान नहीं

– नवंबर 2023 में राजधानी के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवक की सिर कटी लाश मिली थी। युवक की हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए सिर धड़ से काट दिया गया था। शख्स की शिनाख्त नहीं हो सकी।

– मार्च 2022 को पुराने लखनऊ के ठाकुरगंज में एक महिला की अधजली लाश मिली। इस केस को सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई थानों की पुलिस लगी, लेकिन अब तक पुलिस उस महिला की शिनाख्त नहीं कर सकी है।

– जनवरी 2019 में भी शहीद पथ पर स्थित इकाना स्टेडियम के पास एक ट्राली बैैग में युवती की लाश मिली थी। उसकी पहचान के लिए पुलिस ने थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकार्ड खंगाले, लेकिन पहचान न हो सकी।

रिपोर्ट-पवन सिंह चौहान

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)