Delhi: भीड़ ने महिला पायलट और उसके पति को पीटा, 10 साल की बच्ची को प्रताड़ित करने का आरोप

0
21

pilot-woman

नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां द्वारका सनसिटी इलाके में एक नाबालिग लड़की से जबरन घर में काम कराने और उस दौरान उसके साथ मारपीट करने और प्रेस से उसका हाथ जलाने का मामला सामने आया है। जब इसकी जानकारी पीड़िता के परिजनों को हुई तो वे दंपति के घर के बाहर पहुंच गए और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि ये दोनों पति-पत्नी एयरलाइंस में काम करते हैं। महिला (pilot woman) इंडिगो एयरलाइंस में फ्लाइट ऑपरेट करती है। पति विस्तारा एयरलाइंस में ग्राउंड स्टाफ हैं। वह दो महीने पहले ही इस घर में शिफ्ट हुए थे।

मासूम को पिटने के बाद गर्म प्रेस से जलाया

घरेलू काम के लिए उसने एक नाबालिग लड़की को नौकरानी के तौर पर रखा था। 10 साल की ये बच्ची चौबीसों घंटे उनके फ्लैट पर रहती थी। इस दौरान काम में कोई कमी होने पर बच्ची की पिटाई की गई और गर्म प्रेस से उसका हाथ भी जला दिया गया। बुधवार को मौका मिलते ही यह लड़की फ्लैट से भाग गई। महिला भी उसके पीछे दौड़ती हुई आई। तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। लड़की के साथ हुई मारपीट की जानकारी जब लड़की के एक रिश्तेदार को हुई तो वे दंपत्ति के घर के बाहर पहुंच गए. बच्ची की हालत देखकर गुस्साए परिजनों ने आरोपी दंपत्ति की पिटाई भी कर दी।

ये भी पढ़ें..बंगाल स्कूल नौकरी मामला: कलकत्ता HC ने OMR शीट प्रकाशन पर आदेश रखा बरकरार

पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया

डीसीपी एम. हर्षवर्द्धन ने बुधवार को बताया कि सुबह 9 बजे मामले की सूचना द्वारका साउथ थाने को दी गई। घरेलू मदद के लिए रखी गई लड़की के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था। मौके पर पुलिस को 10 साल की बच्ची मिली, जो पिछले 2 महीने से एक दंपत्ति के यहां घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। पीड़ित लड़की का मेडिकल कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने 323/324/342 आईपीसी के साथ ही बाल श्रम अधिनियम 75 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय कौशिक बागची और 33 वर्षीय पूर्णिमा बागची के रूप में हुई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)