देश Featured राजस्थान जम्मू कश्मीर

Winter Update: श्रीनगर-शिमला में कड़ाके की ठंड, राजस्थान में पारा माइनस -6 पहुंचा

ठंड

श्रीनगरः उत्तर भारत कोल्ड वेव की चपेट में है। दिल्ली से लेकर कश्मीर घाटी तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में शिमला और श्रीनगर से भी ज्यादा सर्दी रिकॉर्ड हुई। सबसे ठंडा राजस्थान का माउंट आबू रहा। यहां बुधवार रात पारा -6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश की राजधानी श्रीनगर और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार रात पारा -4 रहा। यानी राजस्थान में पहाड़ी राज्यों से भी ज्यादा सर्दी रिकॉर्ड हुई। श्रीनगर, काजीगुंड और कुपवाड़ा में गुरुवार को मौसम की सबसे ठंडी रात के साथ कश्मीर घाटी में हाड़ कपाऊ की स्थिति बनी हुई है।

ये भी पढ़ें..राजौरी आतंकी हमले के विरोध में दूसरे दिन भी बंद रहा पुंछ, दहशतगर्दी के खिलाफ जम्मू में हुआ प्रदर्शन

पारा शून्य से 9.6 डिग्री नीचे गिरा

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में पिछली रात के शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यहा तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दो जनवरी को दर्ज की गई थी तब यहा पारा शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया था।

उन्होंने कहा कि अनंतनाग में आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यहा शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। बारामूला जिले में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

राजस्थान में बर्फ जमने वाली स्थिति

जम्मू-कश्मीर सहित अन्य जगहों पर हिमपात, बारिश के चलते पूरे राजस्थान में ठंडी हवाओं के साथ पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी है। जयपुर जिले के साथ ही अन्य जगहों पर पारा कई साल के रिकॉर्ड तोड़ चुका है। मौसम में बदलाव का यह दौर आने वाले 72 घंटों तक जारी रह सकता है। राजस्थान में गुरुवार को पांच शहरों सीकर, चूरू, फतेहपुर, माउंट आबू, जोबनेर (जयपुर) में न्यूनतम तापमान माइनस में आ गया। इन शहरों में लगातार तीसरे दिन भी बर्फ जमने की स्थिति रही।

ठंड

कोटा में तो सर्दी ने नया रिकॉर्ड बन दिया। यहां जनवरी में सबसे सर्द रात रही। जयपुर में भी इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। राजस्थान में सबसे ठंडा माउंट आबू रहा, यहां पारा -6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इसी तरह रात का तापमान सीकर में -1.5, चूरू में -1.5, फतेहपुर में -1.8 और जोबनेर में -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सर्दी का ये सितम कल तक और बना रहेगा और 7 जनवरी से लोगों को इससे थोड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई शहरों में लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे और सर्द हवाओं के कारण इन शहरों में दिन में भी गलन भरी सर्दी से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)