प्रदेश हरियाणा

पूर्व मुख्यमंत्री बोले- सत्ता में आने पर लाखों को देंगे नौकरियां

हिसार: इनेलो प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे आदमपुर उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हजारों युवाओं को नौकरियां देने पर दस साल की सजा काटकर आया हूं, उसे जाया मत होने देना और सत्ता में आने पर लाखों युवाओं को नौकरी देंगे, चाहे इसके लिए उन्हें फांसी ही क्यों न हो जाए। ओमप्रकाश चौटाला शुक्रवार को यहां के लघु सचिवालय के मुख्य द्वार पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

वे पार्टी प्रत्याशी कुरड़ाराम नंबरदार का नामांकन भरवाने आए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि खाली नारे लगाने से काम नहीं चलेगा। आदमपुर में अपनी जीत के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि आज से ही सभी की ड्यूटी लगा दी जाएगी। 15 अक्तूबर से सभी प्रचार में जुट जाएं। मतदान होने तक कोई कार्यकर्ता अपने घर न रहे और आदमपुर में हर घर में जाकर सम्पर्क करें।

इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हमारा उम्मीदवार सबसे मजबूत व्यक्ति है। जैसे ही हमने इनके नाम की घोषणा की तो पूरे प्रदेश में चर्चा है कि केवल इनेलो ने ही आदमपुर उपचुनाव में एक किसान को टिकट दी है। कुरड़ा राम ने सदैव किसानों के हित की लड़ाई की लड़ाई लड़ी, चाहे वो तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ हो, पानी की समस्या को लेकर आंदोलन हो या फिर किसानों को मुआवजे को लेकर हुआ आंदोलन सभी में कुरड़ाराम ने अग्रणीय भूमिका निभाई है।

अभय चौटाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा व स्वास्थ्य को लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। हरियाणा के लिए सबसे बड़ा मुद्दा एसवाईएल का है, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर उपचुनाव थौपा गया है। कुलदीप बिश्नोई इनकम टैक्स केस में बचने के लिए भाजपा में शामिल हुए और विधायक पद से इस्तीफा दिया। कुलदीप बिश्नोई निजी स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं।

इनेलो प्रत्याशी कुरड़ाराम ने कहा कि मैं चौधरी देवीलाल की नीतियों का समर्थक रहा हूं। हमेशा किसान हित के लिए काम किया है। इस अवसर पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान, सुनैना चौटाला, कर्ण सिंह चौटाला, सरदार नक्षत्र सिंह, युद्धवीर आर्य, चतर सिंह स्याहड़वा, राजेश गोदारा, देवीलाल सिहाग, जिलाध्यक्ष सतबीर सिसाय, राजीव राजा, एडवोकेट प्रदीप बाजिया व जिला प्रवक्ता रमेश चुघ आदि भी उपस्थित रहे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…