पानी की किल्लत से जूझती दिल्ली, भाजपा सांसद हरियाणा और केंद्र से करें बात: ‘आप’

0
34
delhi-water-crisis

नई दिल्ली: दिल्ली में पीने के पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में पानी की किल्लत रही। कई इलाकों में पीने का पानी नहीं आया और टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई। इस बीच, पानी को लेकर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते नजर आए। भाजपा ने इस स्थिति के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा के मुताबिक, दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन के कारण ऐसी स्थिति पैदा हुई है।

दिल्ली को हक पानी नहीं मिल रहा- संजय सिंह

वहीं, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एक बार फिर आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे रही है। उन्होंने दिल्ली के सातों भाजपा सांसदों के लिए कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा के सभी सातों सांसदों को चुना है। इसके बाद भी हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली की जनता को सजा दे रही है।

इसे भी पढ़ें-कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ, अब 2027 की बारी

इतनी भीषण गर्मी में हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के हक का पानी रोककर हमसे अपनी दुश्मनी निकाल रही है। मैं भाजपा के सभी सातों सांसदों से कहना चाहता हूं कि उन्हें हरियाणा और केंद्र सरकार से दिल्ली को पानी देने की अपील करनी चाहिए और एलजी से मिलना चाहिए, लेकिन वह गायब हैं। उन्होंने कहा कि हम हरियाणा सरकार से कहना चाहते हैं कि वह हमसे दुश्मनी निकाल दे, लेकिन दिल्ली की जनता को परेशान न करे।

भाजपा सांसदों को लेकर क्या बोले संजय सिंह

केजरीवाल सरकार लगातार दिल्ली की जनता को उनके घर तक पानी पहुंचाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली की जनता ने भाजपा के सातों सांसद चुने हैं, अब वे सातों सांसद कहां हैं? पानी देने से बड़ा कोई पवित्र काम नहीं है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन पानी के मामले में इस तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। दिल्ली में जल संकट की इस स्थिति में भाजपा को पहले दिल्ली सरकार और दिल्ली की जनता का साथ देना चाहिए, उसके बाद हम आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति जारी रखेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)