Weather Update in Palamu: मिचोंग तूफान के कारण पिछले दो दिनों से पलामू का मौसम बदल गया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी रही। मेदिनीनगर समेत पूरे पलामू जिले में भारी बारिश हुई। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग ठंड से कांपने लगे हैं। आग जलाकर ठंड से बचने की कोशिश की जा रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बादलों के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री अधिक है। पिछले 48 घंटों के दौरान 29 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को 16 मिमी बारिश हुई थी, जबकि बुधवार को 12.09 मिमी बारिश हुई. ऐसी स्थिति अभी जारी रहेगी। बताया गया है कि शुक्रवार के बाद स्थिति सामान्य हो जायेगी।
गुरुवार को दिनभर बारिश के कारण मेदिनीनगर बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। इसके अलावा मुख्य सड़क पर भी लोगों की आवाजाही कम देखी गयी. उधर, लोग दिनभर गर्म कपड़े पहनकर ठंड से बचाव करते दिखे। बाजारों में अन्य दिनों की तरह भीड़ नहीं थी। आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि बादल हटते ही न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। कहा कि आठ दिसंबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं।
ये भी पढ़ें..Himachal Pradesh Weather: हिमाचल में कड़ाके की ठंड, कई जिलों का पारा माइनस में
इधर, मौसम में बदलाव के साथ ही सरकारी अस्पतालों व निजी क्लीनिकों में सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। 8 दिसंबर को भी पलामू समेत पूरे झारखंड में कोहरा और धुंध रहेगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि मौसम शुष्क रहेगा. 9 दिसंबर को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 10 दिसंबर से आसमान साफ रहने की भविष्यवाणी की है। गुरुवार को पलामू का अधिकतम तापमान 19.08 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.03 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)