Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के कारण जनजीवन बेहाल है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास का इलाका बारिश से भीगा हुआ है। पिछले 48 घंटों से कभी मध्यम तो कभी भारी बारिश हो रही है। आज भी दिल्ली-एनसीआर को राहत नहीं मिल रही है। उत्तराखंड में आज बारिश कहर बरपा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान इस बात के संकेत दे रहा है। गुरुवार को खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई थी।
इन राज्यों को किया गया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज दिल्ली के लिए येलो अलर्ट, उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मानसून को लेकर तत्काल चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि मौजूदा मौसम प्रणाली अगले नौ घंटों तक उत्तर भारत के इलाके को प्रभावित करेगी। राजस्थान में धौलपुर और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के कारण पार्वती बांध के 10 गेट खोल दिए गए हैं। इससे 50 गांव संकट में हैं।
मानसून की वापसी अगले हफ्ते से संभव
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे। अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। इस दौरान 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह से देश को कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि 19 से 25 सितंबर के बीच देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून लौटना शुरू हो जाएगा। आमतौर पर यह एक जून तक केरल में प्रवेश करता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। 17 सितंबर के आसपास यह उत्तर-पश्चिम भारत से वापस लौटना शुरू कर देता है। 15 अक्टूबर तक यह पूरी तरह से वापस लौट जाता है।
ये भी पढ़ेंः- अखिलेश के विवादित बयान पर संत समाज नाराज, जितेंद्रानंद सरस्वती बोले- मर्यादा में रहकर करें राजनीति
कहीं ज्यादा तो कहीं कम हुई बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक एक जून से अब तक मानसून सीजन में देश में 836।7 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश से आठ फीसदी ज्यादा है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 16 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में क्रमश: चार, 19 और 25 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
48 घंटे में 47 लोगों की मौत
देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश ने 48 घंटे में 47 लोगों की जान ले ली। इनमें से उत्तर प्रदेश में 32, मध्य प्रदेश में 11 और राजस्थान में चार लोगों की मौत हुई। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा रोकने के साथ ही आज 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत 14 राज्यों में तीन और दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Weather Update: तीन दिन भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिन उत्तर से लेकर उत्तर-पूर्व तक के राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन राज्यों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मणिपुर, मिजोरम, असम, मेघालय, नागालैंड, झारखंड, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं।
सोनप्रयाग में फंसे 2500 तीर्थयात्री
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश (Heavy Rain) के कारण कल केदारनाथ पैदल मार्ग को बंद करना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ धाम से किसी को नीचे नहीं भेजा गया। यात्रा बंद होने से सोनप्रयाग में करीब 2500 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण 168 मार्ग बंद हैं। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, सीमावर्ती मार्ग और ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के 12 में से पांच जिलों में आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Weather Update: क्या है येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मौसम खराब होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया जाता है। इसके तहत लोगों को लगातार मौसम का अपडेट लेने की सलाह दी जाती है।
क्या है ऑरेंज अलर्ट
जब मौसम का स्तर ज़्यादा खराब होता है तो ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है। इस स्थिति में तूफ़ान और भारी बारिश की भी संभावना होती है। लोगों को बेवजह बाहर न निकलने की चेतावनी दी जाती है।
क्या है रेड अलर्ट
जब मौसम (Weather Update) बहुत ज़्यादा खराब होता है तो रेड अलर्ट जारी किया जाता है। इसके तहत भारी बारिश और बादल फटने की संभावना होती है। इस स्थिति में जान-माल का ज़्यादा नुकसान होने की संभावना होती है। अगर रेड अलर्ट है तो लोगों को अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए।