Weather Update: यूपी में नहीं कम होगी शीतलहर, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

7

Weather Update, लखनऊ: हिमालय के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और पश्चिमी हवाओं के चलने से बुधवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर समेत अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही अरब सागर में सक्रिय चक्रवात के कारण कोहरा और धुंध भी बनी हुई है। इससे राज्य का पारा गिर गया है, वहीं शीतलहर जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा और शीतलहर में कोई कमी नहीं आएगी।

अधिकांश जिलों में हुई बारिश

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और आज शाम तक दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर एक अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। एक चक्रवाती परिसंचरण श्रीलंका तट से दूर दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर स्थित है। पूर्वोत्तर बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा और आसपास के इलाकों पर है। एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से लेकर दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश तक निचले स्तर पर बनी हुई है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते आज उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हुई और कुछ जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ेंः-Lucknow: पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह पर ‘आप’ द्वारा लगाए गए आरोप खारिज, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

घना कोहरा रहने की संभावना

कानपुर में अधिकतम तापमान 16.0 और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत तथा दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम थी और औसत गति 3.1 किमी प्रति घंटा थी और बारिश 2.4 मिमी दर्ज की गई थी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, कानपुर में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है और सुबह और रात में ठंड/घना कोहरा रहने की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)