बंगाल की खाड़ी में नहीं बन रहा मौसमी सिस्टम, मानसून में देरी संभव

67
jaipur-weather

जयपुर: बंगाल की खाड़ी में मानसूनी तंत्र के अभाव के कारण प्रदेश में मानसून के प्रवेश में देरी की संभावना है। इसके कारण प्री-मानसून गतिविधियां भी कमजोर पड़ गई हैं। बारिश की गतिविधियों में कमी आने से प्रदेश के शहरों का पारा फिर चढ़ने लगा है।

पांच शहरों का पारा 45 डिग्री के पार

प्रदेश के पांच शहरों का पारा 45 डिग्री के पार हो गया, जबकि 11 शहरों का रात का पारा 30 के पार पहुंच गया। पिलानी का दिन 45.8 डिग्री और कोटा की रात 32.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार पिलानी के अलावा चूरू, श्रीगंगानगर, भरतपुर और धौलपुर का पारा 45 से ऊपर दर्ज किया गया। कोटा के अलावा अलवर, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, धौलपुर, बारां, संगरिया, जालौर, फतेहपुर और करौली का रात का पारा 30 से ऊपर दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में यह पारा और बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार अगस्त और सितंबर में मानसून के आखिरी चरण में राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। यह स्थिति ला नीना के विकसित होने के कारण हो सकती है। इस बार मानसून के दौरान प्रदेश में 104 फीसदी से अधिक बारिश संभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह तक पश्चिमी हवाएं चलेंगी।

इसे भी पढ़ें-Uttarakhand: अलकनंदा नदी में ट्रैवलर गिरने से अब तक 12 लोगों की मौत, कई घायल

21-22 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी संभव

एक सप्ताह तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में मानसून के आगे बढ़ने का कोई तंत्र सक्रिय नहीं है। ऐसे में अगले पांच दिन तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम देखने को मिलेंगी। हालांकि इस दौरान पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। 21-22 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी संभव है। इस दौरान प्री-मानसून गतिविधियां जोर पकड़ने लगेंगी। मानसून के देरी से आने या जल्दी आने के बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। उम्मीद है कि जल्द ही बंगाल की खाड़ी का वातावरण बदलेगा और मानसून आगे बढ़ेगा।

जयपुर में दिन का तापमान बढ़ा रात का गिरा

जयपुर में दिनभर हल्के बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवाएं चलीं। सूरज बादलों के बीच लुकाछिपी खेलता रहा। इससे जयपुर के दिन के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी और रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 42.7 और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • पिलानी 45.8
  • धौलपुर 45.3
  • चूरू 45.2
  • श्रीगंगानगर 45.2
  • भरतपुर 45
  • करौली 44.9
  • फतेहपुर 44.7
  • संगरिया 44.6
  • अलवर 43.5

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)