Home देश Shimla: 20 साल बाद जून में जनवरी का अहसास, 10 डिग्री से...

Shimla: 20 साल बाद जून में जनवरी का अहसास, 10 डिग्री से नीचे गिरा पारा

shimla-weather

शिमला: हिमाचल प्रदेश में इस साल जून की रातें जनवरी की तरह ही सर्द (Himachal Pradesh weather) हैं। मौसम के इस रुख के चलते प्रदेश के मध्य और पहाड़ी इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे है। शिमला, मनाली, डलहौजी और चैल जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले पर्यटक गर्म कपड़े खरीद रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे (Shimla weather) रिकॉर्ड किया गया। शिमला में करीब दो दशक के बाद जनवरी की तर्ज पर जून में न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। यहां पारा सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है।

शिमला का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस (Shimla weather) दर्ज किया गया। एक दिन पहले यहां का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इससे पहले साल 1999 में 4 जून को शिमला का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। साल 2000 से 2022 तक शिमला शहर का तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सराहन में 9 डिग्री सेल्सियस, मशोबरा में 8.4 डिग्री सेल्सियस, रिकांगपिओ में 8.8 डिग्री सेल्सियस, नारकंडा में 5.2 डिग्री सेल्सियस, कुकमसेरी में 5.1 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 6.7 डिग्री सेल्सियस और किन्नौर के कल्पा में 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ये भी पढ़ें..Himachal Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश, जून में लौटी दिसंबर वाली ठंड

3.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा केलांग –

हिमाचल प्रदेश के जिले लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। विभाग ने कहा है कि राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंबा में 18 मिमी, डलहौजी में 15, सोलन में 9, सराहन में 8, पालमपुर और भुंतर में 5, ऊना में 4, मंडी, नारकंडा, शिमला और सुंदरनगर में 3-3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट –

मौसम विभाग शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश व बर्फबारी हो रही है। इससे तापमान में काफी गिरावट आई है। राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान अंधड़, बारिश व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

 

Exit mobile version