Home फीचर्ड Maharashtra Election: वर्ली सीट पर दिलचस्प हुई लड़ाई, आदित्य ठाकरे के खिलाफ...

Maharashtra Election: वर्ली सीट पर दिलचस्प हुई लड़ाई, आदित्य ठाकरे के खिलाफ शिंदे ने चला ये दांव

Aditya-Thackeray-vs-Milind-Deora

Maharashtra Election , नई दिल्ली: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की जंग रोमांचक होती जा रही है। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे वर्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार भी वे इसी सीट से चुने गए थे। हालांकि, इस बार उनकी राह आसान नहीं दिख रही है। एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने उनके खिलाफ मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतारा है।

Maharashtra Election: महाराष्ट्र की हाई प्रोफाइल सीट है वर्ली

बता दें कि वर्ली विधानसभा एक हाई प्रोफाइल सीट है। आदित्य ठाकरे ने साल 2019 में इस सीट से जीत दर्ज की थी। वो शिवसेना में विभाजन से पहले की बात है। उस दौरान उन्होंने शिवसेना उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और उन्हें 89,248 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के उम्मीदवार सुरेश माने थे, जिन्हें 21,821 वोट मिले थे। आदित्य ठाकरे ने करीब 67 हजार वोटों से जीत हासिल की थी।

Maharashtra Election: इस बार दो खेमों में बटी शिवसेना

साल 2019 के मुकाबले महाराष्ट्र की राजनीति में काफी बदलाव आया है। यहां शिवसेना के दो गुट हैं। एक गुट का नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे हैं, जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ मिलिंद देवड़ा को टिकट दिया है। वर्ली विधानसभा सीट मुंबई दक्षिण लोकसभा में आती है. इस इलाके को देवड़ा परिवार का गढ़ माना जाता है। शिंदे ने आदित्य ठाकरे को घेरने के लिए मिलिंद देवड़ा जैसे मजबूत चेहरे पर दांव लगाया है।

ये भी पढ़ेंः- UP By election: यूपी में उपचुनाव से पहले पोस्टर वार

Maharashtra Election 2024: राजनीति में मिलिंद का कद काफी ऊंचा

राष्ट्रीय राजनीति में मिलिंद का कद काफी ऊंचा है, शिवसेना में शामिल होने से पहले वे कांग्रेस में थे। वे 14वीं और 15वीं लोकसभा में मुंबई दक्षिण लोकसभा का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। वर्ली सीट के समीकरण की बात करें तो यह मुंबई शहर में स्थित 10 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। वर्ली विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या ढाई लाख से ज्यादा है। यहां पुरुष और महिला मतदाता जीत-हार में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही अल्पसंख्यक मतदाता भी काफी अहम भूमिका निभाते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version