प्रदेश उत्तराखंड

मौसम का बदला मिजाज, गंगोत्री, यमुनोत्री, हरकीदून, हर्षिल में गिरी बर्फ

उत्तरकाशीः मौसम की तीसरी बर्फबारी से जिले में ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार को तेज धूप से परेशान लोगों ने राहत महसूस की है। शुक्रवार दोपहर बाद यहां मौसम ने अचानक करवट ली। कुछ ही देर में आसमान बादलों से घिर गया। रातभर बादल छाये रहे। शनिवार तड़के बादलों की गरज के साथ बारिश शुरू हुई। गंगोत्री, यमुनोत्री, हरकीदून और हर्षिल में भारी बर्फबारी हुई है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में जारी बारिश से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। बारिश से तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। वनों में भड़की आग बुझ गई। मौसम के बदले मिजाज से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। बर्फबारी से पूरा जिला सर्द हवाओं की चपेट में है। गंगोत्री, हर्षिल, दयारा, चौरंगी, यमुनोत्री, खरसाली, सरबडियार, हरकीदून और मोरी की ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। उत्तरकाशी, डुंडा, चिन्यालीसौड, बड़कोट, पुरोला और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल बारिश थमी नहीं है।

गंगोत्री-यमुनोत्री में डेढ़ फीट से अधिक बर्फ जमी

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी डेढ़ फीट से अधिक बर्फ की चादर जमी है। आसपास की पहाड़ियों भी बर्फ की चादर में ढक चुकी हैं। इसके अलावा दयारा बुग्याल, डोडीताल, हरकीदून, केदारकांठा में भी एक फिट से अधिक बर्फ गिरी है। सांकरी, खरसाली, ओसला, गंगाड़, ढाटमीटर, लिवाड़ी फिताड़ी गांव भी बर्फ से ढक चुके हैं। बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जीवन रेख से जुड़े विभागों और आपदा प्रबंधन को अर्लट रहने के निर्देश दिए हैं।